जंगली पट्टी से उड़ान भरने वाले कैन सैटेलाइट ने 36 हजार तस्वीरों में समेटा गंडक का दियारा
पांच मिनट से अधिक का वीडियो भी बनाया सेंसर से हवा में कार्बन डाइऑक्साइड का स्तर भी मापा
नीलांबुज मिश्र
कुशीनगर। नीचे बहती नारायणी, दूर तक फैला रेत का मैदान और उसके बीच पसरी हरियाली... दियारे का यह नजारा जमीन से नहीं, आसमान से कैद हुआ। तमकुहीराज के जंगली पट्टी स्थित ड्रोन लॉन्च साइट से उड़ान भरने वाले छोटे से कैन सैटेलाइट ने करीब एक हजार मीटर की ऊंचाई से नारायणी के दियारा क्षेत्र को कैमरे में समेट लिया। हर सेकंड दो तस्वीरें लेने वाले इस उपकरण ने कुल 36 हजार तस्वीरें खींची और पांच मिनट से अधिक का वीडियो भी रिकॉर्ड किया।
इन-स्पेस नारायणी रॉकेट्री कप-2026 में चेन्नई के डॉ. एमजीआर एजुकेशनल एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट की डीआरएमजीआरएसीएस कैन सैटेलाइट टीम ने यह प्रयोग किया। टीम ने अपने कैन सैटेलाइट के निचले हिस्से में कैमरा लगाया था। रॉकेट से प्रक्षेपित होने के बाद उपकरण ने करीब एक हजार मीटर की ऊंचाई से दियारे की तस्वीरें लीं। टीम लीडर अरविंद हारी के मुताबिक, कैमरे ने कुल 36 हजार तस्वीरें खींची। पांच मिनट से अधिक के वीडियो में रॉकेट के प्रक्षेपण से लेकर नदी के बेहद करीब उपकरण की लैंडिंग तक के दृश्य रिकॉर्ड हुए।
कैमरे के साथ सेंसर ने भी जुटाए पर्यावरण के आंकड़े
इस प्रयोग की खासियत केवल आसमान से तस्वीरें लेना नहीं थी। कैन सैटेलाइट में एससीडी-40 सेंसर भी लगाया गया था, जिससे वातावरण में कार्बन डाइऑक्साइड (सीओटू) का स्तर मापा गया। एक तरफ कैमरा गंडक के दियारे, नदी के फैलाव, रेतीले मैदान और हरियाली की तस्वीरें ले रहा था तो दूसरी तरफ सेंसर हवा में मौजूद गैस के स्तर से जुड़े आंकड़े जुटा रहा था। इससे विद्यार्थियों को यह समझने का अवसर मिला कि अंतरिक्ष तकनीक की मदद से धरती की तस्वीरों के साथ पर्यावरण संबंधी जानकारियां भी हासिल की जा सकती हैं।
किसी ने तापमान मापा तो किसी ने वनस्पति पर रखी नजर
राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में शामिल अन्य टीमों ने भी अपने कैन सैटेलाइट में अलग-अलग तरह के कैमरे और सेंसर लगाए थे। कुछ टीमों ने तापमान और वायुमंडलीय दबाव से जुड़े आंकड़े जुटाए तो कुछ ने जमीन और निर्धारित लैंडिंग क्षेत्र की तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड किए। कुछ टीमों ने वनस्पति की निगरानी से जुड़े प्रयोग किए।
दरअसल, कैन सैटेलाइट के माध्यम से विद्यार्थियों को उपग्रह तकनीक की व्यावहारिक जानकारी देने का प्रयास किया गया। किताबों में पढ़े जाने वाले अंतरिक्ष विज्ञान को प्रयोग के जरिये समझने का मंच मिला। प्रतियोगिता के लिए देशभर से युवाओं ने आवेदन किया था। परियोजना और मूल्यांकन के विभिन्न चरणों से गुजरने के बाद चयनित टीमें कुशीनगर पहुंची। इनमें कई ऐसे युवा शामिल थे, जो भविष्य में इसरो, डीआरडीओ और अंतरिक्ष क्षेत्र में अपना कॅरिअर बनाना चाहते हैं।
नारायणी के दियारे में हुए इन प्रयोगों ने दिखाया कि छोटे आकार के कैन सैटेलाइट भी मौसम, वातावरण, जमीन की भौगोलिक स्थिति और वनस्पति के अध्ययन में उपयोगी हो सकते हैं। एक हजार मीटर की ऊंचाई से कैद तस्वीरों ने जहां गंडक के दियारे का नया दृश्य सामने रखा, वहीं युवाओं के प्रयोगों ने अंतरिक्ष तकनीक के धरती और पर्यावरण से जुड़ाव की संभावनाएं भी उजागर की।
वर्जन
चेन्नई के डॉ. एमजीआर एजुकेशनल एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट की डीआरएमजीआरएसीएस कैन सैटेलाइट टीम ने अपने कैन सैटेलाइट के निचले हिस्से में कैमरा लगाया था। रॉकेट से प्रक्षेपित होने के बाद उपकरण ने करीब एक हजार मीटर की ऊंचाई से दियारे की तस्वीरें लीं।
-डॉक्टर विनोद कुमार, इन स्पेस के निदेशक