बेकाबू ट्रक की चपेट से बुजुर्ग की मौत
कप्तानगंज (कुशीनगर )। कस्बा के बन्देलीगंज चौराहे पर बुधवार शाम एक 55 वर्षीय बुुजुर्ग की एक अनियंत्रित ट्रक की चपेट से मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रामकोला थाना क्षेत्र के ग्राम सभा अइन छपरा निवासी रामजीत गुप्ता (55) बुधवार की शाम करीब छह बजे कप्तानगंज कस्बा से नौरंगिया सड़क की तरफ से जा रहे थे। अभी वह बंदेलीगंज चौराहे पर पहुंचे ही थे कि रामकोला की तरफ से आ रहा एक अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें अपने चपेट में ले लिया। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुुंची पुलिस ट्रक को कब्जे में लेकर थाने ले गई, जबकि पुलिस देख ट्रक चालक वहां से भाग निकला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसओ गोपाल पांडेय ने बताया कि मृतक रामजीत गुप्ता के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रक को कब्जे में लिया गया है। मौके से ड्राइवर भाग गया है। छानबीन की जा रही है।