नकली शैम्पू बनाने वाली कंपनी के तीन लोग गिरफ्तार
हाटा कोतवाली पुलिस की जांच में हुआ पर्दाफाश
पांच लाख रुपये की कीमत का नकली शैम्पू बरामद
कुशीनगर। हाटा कोतवाली की पुलिस ने नकली शैम्पू बनाने वाली एक कंपनी का भंडाफोड़ कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। उसने शैम्पू बनाने के उपकरण, पाउडर, खाली गैलन तथा 2,576 पीस शैम्पू बरामद किया है। इसकी कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में दो आगरा और एक हाथरस का रहने वाला है।
एसपी धवल जायसवाल ने बुधवार को बताया कि हाटा कोतवाली पुलिस ने ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर नकली शैम्पू बनाने वाली कंपनी का भंडाफोड़ किया है। कस्बे में नकली शैम्पू पकड़े जाने के बाद पुलिस ने छानबीन की तो इस गिरोह की जानकारी हुई। पुलिस ने छापा मारकर इकरार खान एवं नीरज कुमार कुशवा निवासी खांडा थाना बरैन जनपद आगरा और सामुद्दीन निवासी बेदई, थाना सादाबाद, जिला हाथरस, हालमुकाम पी-16, कृष्ण विहार, थाना सुल्तानपुरी, पुरानी दिल्ली को गिरफ्तार कर लिया। तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
एसपी के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि ये लोग नकली शैम्पू बनाकर माल तैयार करते थे और भिन्न-भिन्न कंपनियों का सैंपल बोतल में रखकर असली की तरह तैयार कर लेते थे। उसके बाद दुकानदारों से संपर्क कर या उनके पास जाकर असली कंपनी का सैंपल दिखाकर उन्हें सस्ते दाम पर देने की बात करते थे और सौदा तय कर लेते थे।
...
भंडाफोड़ करने वाली पुलिस टीम
इस टीम में हाटा के कोतवाल राजेंद्र कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार पांडेय सर्विलांस सेल, एसआई वीरेंद्र कुमार यादव हाटा कोतवाली, चंदन प्रजापति, गौरव वर्मा, हेड कांस्टेबल हिमांशु सिंह, कंप्यूटर ऑपरेटर सुशील सिंह सर्विलांस सेल, शम्मी सिंह सर्विलांस सेल, कांस्टेबल अभिषेक यादव, फैजे आलम, सचिन, सुनील यादव शामिल रहे।