फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kushinagar News: जंगल सिंघापट्टी में बनेगी मुसहर आवास कॉलोनी

विज्ञापन
विज्ञापन
मंसाछापर। आकांक्षात्मक ब्लॉक विशुनपुरा के जंगल सिंघापट्टी गांव में मुसहर परिवारों के लिए आवास कॉलोनी बनाने की कवायद तेज हो गई है। कॉलोनी के निर्माण का रास्ता साफ होने के साथ ही करीब एक एकड़ भूमि भी चिन्हित कर ली गई है। प्रस्तावित भूमि पर मुख्यमंत्री आवास योजना के 18 मुसहर लाभार्थियों के लिए नक्शे के अनुसार पक्के मकानों का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही कॉलोनी में मूलभूत सुविधाओं को विकसित करने की भी योजना तैयार की गई है।
विज्ञापन

18 लाभार्थियों को आवास के साथ उनके नाम से भूमि का पट्टा भी दिया जाएगा। पट्टा आवंटन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। भूमि और आवास से संबंधित प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा। कॉलोनी में बनने वाले सभी आवास एक निर्धारित नक्शे के अनुसार तैयार किए जाएंगे, जिससे पूरी कॉलोनी व्यवस्थित स्वरूप में विकसित हो सके।
सोमवार को सदर विधायक मनीष जायसवाल, ब्लॉक प्रमुख विंध्यवासिनी श्रीवास्तव, परियोजना निदेशक पीयूष कुमार सिंह और बीडीओ अखंड प्रताप के साथ ग्राम पंचायत सचिव अमरनाथ प्रजापति तथा प्रशासक प्रतिनिधि भीम सिंह ने प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण किया। प्रस्तावित कॉलोनी को सुविधायुक्त कॉलोनी के रूप में विकसित करने की योजना है। यहां आवासों के साथ बाउंड्रीवाल, शौचालय, पक्की सड़क, बिजली, पेयजल और जलनिकासी के लिए नाली का निर्माण कराया जाएगा।
विज्ञापन

कॉलोनी में बच्चों और परिवारों के लिए अलग पार्क भी विकसित किया जाएगा। आवास निर्माण को छोड़कर अन्य विकास कार्यों के लिए राज्य वित्त और केंद्रीय वित्त की रकम का इस्तेमाल किया जाएगा। इन कार्यों में क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत का भी सहयोग लिया जाएगा। मुसहर परिवारों की आजीविका को मजबूत करने के लिए कॉलोनी में रहने वाले 18 लाभार्थियों के लिए मनरेगा योजना के तहत पशु शेड का भी निर्माण कराया जाएगा। प्रत्येक लाभार्थी के लिए एक पशु शेड बनाने की योजना है। इससे परिवारों को पशुपालन के लिए सुरक्षित स्थान मिल सकेगा और उनकी आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
-
जंगल सिंघा पट्टी गांव में मुसहर परिवारों के लिए करीब एक एकड़ भूमि चिन्हित की गई है। यहां 18 लाभार्थियों के लिए मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत पक्के मकान बनाए जाएंगे। लाभार्थियों के नाम भूमि का पट्टा देने की प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है। कॉलोनी में सड़क, बिजली, पेयजल, नाली, शौचालय, बाउंड्री और पार्क जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके साथ ही मनरेगा से 18 पशु शेड भी बनवाए जाएंगे। प्रयास है कि सभी योजनाओं को आपस में समन्वित कर मुसहर परिवारों को एक ही स्थान पर आवास के साथ जरूरी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। -अखंड प्रताप बीडीओ विशुनपुरा
-
मुसहर बस्ती में लगी चौपाल, पात्रों को योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश

पडरौना। कसया क्षेत्र के खदही टोला मुसहर बस्ती में मंगलवार को चौपाल का आयोजन हुआ। पात्र ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।

सीडीओ वंदिता श्रीवास्तव ने चौपाल में सबसे पहले विभिन्न विभागों की ओर से की जा रही कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। पात्र लाभार्थियों को शत-प्रतिशत योजनाओं से आच्छादित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई समय से पूरी करने को कहा। चौपाल में विभागवार योजनाओं से वंचित पात्र लाभार्थियों को चिन्हित किया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से उनकी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी लेते हुए पात्रता के आधार पर योजनाओं का लाभ दिलाने की कार्रवाई शुरू की। इस दौरान ग्रामीणों को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

इस दौरान डीपीआरओ आलोक प्रियदर्शी, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) नीरज कुमार चतुर्वेदी, ग्राम पंचायत सचिव सरिता गुप्ता, ग्राम प्रधान प्रभुनाथ प्रसाद आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें