हाटा। मदनी मस्जिद के कुछ हिस्से को तोड़ने की कार्रवाई समाप्त होने के बाद नगर पालिका मस्जिद के हिस्से को तोड़ने में हुए खर्चे की वसूली मस्जिद के पक्षकारों से करने की तैयारी में है। इसके लिए जल्द ही नोटिस जारी कर सकती है। नगर पालिका प्रशासन सरकारी जमीन पर हुए अतिक्रमण को हटाने में लगे व्यय का आंकलन कर रहा है। इसके बाद नोटिस जारी हो सकती है।
हाटा नगर के मदनी मस्जिद के निर्माण में सरकारी जमीन की इस्तेमाल की शिकायत और जांच के बाद रविवार को हुए बुलडोजर चलने के बाद नगर पालिका अब मस्जिद कमेटी को अतिक्रमण वाले हिस्से को तोड़ने में आने वाले खर्चे की वसूली का नोटिस भेजने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए इस पूरी कार्रवाई के दौरान आने वाले खर्चे का आंकलन कराया जा रहा है। बता दें कि मदनी मस्जिद के कुछ हिस्से के सरकारी जमीन में होने की राजस्व विभाग की ओर से की गई जांच में पुष्टि हुई थी। इसके बाद रविवार को जो कार्रवाई हुई, उसमें प्रशासन को दो पोकलेन, छह जेसीबी मशीनों के अलावा अन्य संसाधनों को उपयोग करना पड़ा था। इस पर हुए व्यय को नगर पालिका की ओर से वहन किया गया। नियम के मुताबिक ऐसे अतिक्रणों को हटाने के बाद उस पर हुए व्यय को अतिक्रमण करने वाले से वसूलने का नियम है, जिसकी तैयारी में नगर पालिका प्रशासन है।