पडरौना। अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से उड़ान शुरू कराने के लिए कुशीनगर सांसद ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री केआरएम नायडू से मुलाकात की। उन्होंने उड्डयन मंत्री को एक पत्र देकर कुशीनगर हवाई अड्डा से देश के प्रमुख शहरों से घरेलू उड़ान व बौद्ध देशों से अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू कराने की मांग की। मंत्री ने शीघ्र उड़ान शुरू कराने का भरोसा दिया।
नागरिक उड्डयन मंत्री को दिए पत्र में सांसद विजय कुमार दुबे ने कहा कि कुशीनगर में 20 अक्तूबर 2021 को हवाई अड्डे का का लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। यहां से अब तक दिल्ली और दिल्ली से कुशीनगर की ही उड़ान हुई है। शुरुआत में दो माह नियमित उड़ान के बाद अनियमित हो गई। करीब छह माह पहले विजिबिलिटी की वजह बताकर स्पाइस जेट कंपनी ने उड़ान बंद कर दी थी। सांसद ने कहा है कि सलाहकार समिति की बैठक में एयरपोर्ट निदेशक ने मार्च 2024 तक आईएलएस (इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम) का कार्य पूरा करने की बात कही थी, लेकिन चार माह बाद भी यहां से उड़ान शुरू कराने के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल रही है। उन्होंने पत्र में कहा कि लोकसभा चुनाव में उड़ान मुद्दा बना था। हवाई अड्डे के निर्माण का मकसद कुशीनगर बौद्ध सर्किट एरिया का विकास व बौद्ध देशों को जोड़ना है। लेकिन, मौजूदा समय में न तो घरेलू उड़ान हो रही है और न ही अंतरराष्ट्रीय। जबकि यहां तैनात स्टाॅफ पर हर माह करोड़ों रुपये खर्च हो रहे हैं। उन्होंने इंडिगो, एयर इंडिया व गो एयर की बौद्ध देशों श्रीलंका, थाईलैंड व वर्मा से अंतरराष्ट्रीय व दिल्ली, मुंबई और जम्मू से घरेलू उड़ान शुरू कराने की मांग की है।