परिजनों से मिलते सांसद विजय कुमार दूबे और विधायक।स्रोत-सोशल मीडिया
मंसाछापर। पडरौना कोतवाली क्षेत्र के बबुईया हरपुर गांव में प्रधानाचार्य छोटेलाल कुशवाहा की हत्या के मामले में रविवार की देर शाम सांसद विजय कुमार दूबे, पडरौना सदर विधायक मनीष जायसवाल और खड्डा विधायक विवेकानंद पांडेय परिवार के सदस्यों से मिलकर ढांढस बंधाया। हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। घटना की निंदा करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई कराने की बात कही।
सांसद एवं विधायकों ने घटना को अत्यंत दुखद और निंदनीय बताया। उन्होंने दोषी अभियुक्तों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित कराने के लिए उच्च अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जनप्रतिनिधियों ने स्पष्ट कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
परिजनों ने प्रशासन से सुरक्षा एवं त्वरित न्याय की मांग की। इस पर सांसद विजय कुमार दूबे ने भरोसा दिलाया कि प्रशासनिक स्तर पर सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। सांसद ने घटना में लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता भी की। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख विशुनपुरा विंध्यवासिनी श्रीवास्तव, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि मनीष जायसवाल बुलबुल, भाजपा नेता नथुनी कुशवाहा आदि मौजूद रहे।