खड्डा। गंडक नदी के भैसहां घाट पर पीपा पुल का निर्माण पूरा हो गया है। पैदल व दुपहिया आवागमन शुरू हो गया है। अभी चार पहिया के लिए थोड़ा इंतजार करना होगा। विधायक विवेकानंद पांडेय की पहल पर समय से पीपा लग गया है। छितौनी तटबंध के पास पुल निर्माण वाली जगह लोकनिर्माण विभाग ने इस वर्ष पीपा पुल लगाया है। पुल बनाते समय अचानक नदी का जलस्तर कम होने से बाधा आ गई थी, परंतु विभाग ने जहां तक कार्य हो गया है वहां से ही संचालित करने का निर्णय लिया। लगभत 32 पीपा का अस्थायी पाया लगाकर शुक्रवार शाम को कार्य पूरा कर पैदल व दो पहिया वाहनों के लिए रास्ता खोल दिया गया और आवागमन शुरू हो गया।
पुल बन जाने से खडडा क्षेत्र के नदी पार बसे मरचहवा,बसंतपुर, शिवपुर, हरिहरपुर, नरायनपुर आदि गांव सहित महराजगंज जनपद के निचलौल तहसील के सोहगीबरवा, शिकारपुर, मटियरवा,नौका टोला, भोथहां, मूजा टोला आदि गांव के लोगों को विहार सीमा के रास्ते जंगल होकर खडडा पहुंचने में 50 किलोमीटर की दूरी मात्र नौ किलोमीटर में सिमट गई है।
किसानों को कृषि कार्य करने व अपने फसलों का लाने में सुविधा के साथ नाव से नदी पार करने की समस्या समाप्त हो गयी है। विधायक विवेकानन्द पांडेय ने बताया कि पीपा पुल संचालित हो जाने से लोगों को नदी पार करने की सुविधा मिल गयी है।