संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे में मां-बेटी का शव मिला
डेढ़ साल की बच्ची के मुंह में कपड़ा ठूसा हुआ था
महिला का शव फंदे से लटक रहा था
पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना के वक्त घर में मां-बेटी के अलावा परिवार को कोई सदस्य नहीं था
संवाद न्यूज एजेंसी
रहसू बाजार(कुशीनगर)। पटहेरवा थाना क्षेत्र गांव रहसू जनूबी पट्टी के मठिया टोला में शुक्रवार की दोपहर में 24 वर्षीय महिला व उसकी डेढ़ वर्षीय बेटी का शव मिला। मां-बेटी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर से गांव में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पटहेरवा पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त इस घर में मां-बेटी के अलावा परिवार का कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था।
पटहेरवा थाना क्षेत्र के गांव रहसू जनूबी पट्टी के मठिया टोला निवासी राहुल मद्धेशिया की शादी दो वर्ष पहले विशुनपुरा थाना क्षेत्र गांव जंगल विशुनपुरा के टोला गोसाईं पट्टी निवासी महंथ मद्धेशिया की पुत्री आशा (24) से हुई थी। राहुल जौरा बाजार में कपड़े की दुकान चलाता है। वह दुकान के लिए कपड़ा लेने सूरत गया हुआ है। उसके पिता भी सूरत में रहते हैं। शुक्रवार को राहुल की पत्नी आशा घर पर डेढ़ साल की बच्ची आकृति के साथ थी। सास दवा लेने के लिए बाजार गई थी और दो छोटे देवर भी स्कूल गए हुए थे। दोपहर बाद सास जब बाजार से घर लौटी तो कमरे में बहू आशा का शव फंदे से लटका हुआ था, जबकि बच्ची आकृति फर्श पर मृत पड़ी थी। हृदय विदारक दृश्य देखकर सास चिल्लाने लगी। गांव के लोगों की भीड़ जुट गई। मौके पर पहुंचकर पटहेरवा पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मृतका के पिता महंथ मद्धेशिया ने घटना को संदिग्ध मानते हुए जांच की मांग की है। मायके पक्ष के लोगों का कहना है कि वे लोग आशा की विदाई के लिए कई बार कह चुके थे, लेकिन ससुराल के लोग विदाई नहीं कर रहे थे, वहीं मृतका की सास का कहना है कि घटना के वक्त घर में मां-बेटी के अलावा कोई दूसरा नहीं था। इसलिए यह घटना कैसे हुई, इसका अंदाजा भी नहीं है।
पटहेरवा एसओ सुनील सिंह का कहना है कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। गांव के लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है। तमकुहीराज के सीओ फूलचंद कन्नौजिया का कहना है कि शवों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर ही यह बता पाना संभव होगा कि यह आत्महत्या का मामला है अथवा हत्या का। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की छानबीन में जुटी है।