संतकबीरनगर। साइबर सेल थाना बेलहरकला ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के शिकार पीड़ित को 50,000 रुपये की शत प्रतिशत धनराशि उसके खाते में वापस कराई। पुलिस मीडिया सेल से मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित विनोद कुमार श्रीवास्तव निवासी जंगल दशहर के व्हाट्सएप पर योनो एसबीआई के नाम से एपीके फाइल आया। इस पर आवेदक ने जैसे फाइल पर क्लिक किया उसके कुछ देर बाद उनके खाते से 50,000 रुपये ट्रांसफर हो गए। इसके बाद उन्होने ने तत्काल साइबर हेल्प लाइन नंबर 1930 व साइबर सेल थाना बेलहरकला पर शिकायत दर्ज कराई।
इसके बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने साइबर ठगी के 50,000 रुपये पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दिया। एसओ अनिल कुमार ने आम जनमानस से अपील किया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर किसी अज्ञात खाते में पैसा ट्रांसफर न करें। बैंक अधिकारी बनकर आने वाले संदिग्ध कॉल व मैसेज पर विश्वास न करें। किसी भी अज्ञात व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक, कॉल या संदेश पर अपनी बैंक जानकारी, ओटीपी, पासवर्ड या यूपीआई पिन साझा न करें, सावधानी ही सुरक्षा है। साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत 1930 नंबर पर कॉल करें या नजदीकी थाने के साइबर सेल को सूचित करें।