कुबेरस्थान। बतरौली गांव के प्राथमिक विद्यालय परिसर में शनिवार को बच्चों की ओर से विज्ञान एवं कला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। सरकारी स्कूल के बच्चों की इस प्रदर्शनी को देखकर लोग अचंभित रह गए। बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, बालिका व प्रारंभिक शिक्षा तथा लिंग भेद आदि गंभीर विषयों को चित्र व मॉडल के जरिए बेहतर ढंग से समझाने का प्रयास किया। साथ ही इनके समाधान के लिए संभावित उपायों की रूपरेखा भी प्रदर्शित की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि बीईओ पडरौना सत्यप्रकाश कुशवाहा ने कहा कि इस तरह के आयोजन से ही सरकारी विद्यालय की छवि में सुधार आएगा। ऐसे आयोजन बच्चों की बौद्धिक क्षमता के विकास के लिए जरूरी हैं। एबीआरसी समन्वयक तारकेश्वर शुक्ल ने कहा कि इन बच्चों का उत्साह देखकर कहा जा सकता है कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की प्रतिभा में कमी नहीं है, बशर्ते उन्हें उचित माहौल नहीं मिल पा रहा है। सुनील गुप्ता ने कहा कि प्राथमिक स्तर पर बच्चों को इस तरह से शिक्षा के लिए जागृत करना सराहनीय कदम है।
इसके पूर्व बच्चों ने स्कूल परिसर में कला एवं विज्ञान, बालिका शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता अभियान, प्रारंभिक शिक्षा, लिंगभेद समेत विभिन्न विषयों से सम्बंधित चित्र एवं मॉडल प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉयट के सेवानिवृत्त प्रवक्ता सूरज प्रसाद ने तथा संचालन एबीआरसी समन्वयक मेहरुद्दीन अली ने किया। प्रधानाध्यापक शबाना परवीन ने आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस दौरान शिक्षक इंद्रजीत मणि, रामगति प्रजापति, संजीव कुमार, जितेंद्र सिंह, सुनील कुमार सुमन, मोहम्मद तारिक, प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लाक अध्यक्ष अनूप सिंह, एनपीआरसी समन्वयक अब्दुल रऊफ अंसारी, ग्राम प्रधान ईश्वर शरण यादव आदि मौजूद रहे।