कुशीनगर। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर-तीन, संत गाडगेनगर नौकाटोला स्थित खरदर पुल के पास बाइक चालक की जेब में रखी मोबाइल फोन की बैट्री फट गई। हादसे में बाइक चालक का पैर झुलस गया। बाइक अनियंत्रित होने से सवार और दो महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से कसया सीएचसी भिजवाया। हाटा थाना क्षेत्र के गांव अथरहां निवासी 31 वर्षीय अरुण मिश्र अपने बड़े भाई की ससुराल तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के ग्राम सभा मठिया (गुरवलिया) गए थे। वहां शुक्रवार को बड़े भाई की सास रिता देवी (55) और नीशू (17) को बाइक से लेकर अरुण के पैंट की जेब में रखी मोबाइल में लीड लगाकर बात करते हुए कसया की तरफ जा रहे थे। अभी वे खरदर पुल के पास पहुंचे ही थे कि पैंट की जेब में रखी मोबाइल की बैट्री गर्म होकर ब्लास्ट हो गई।
इससे बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में अरुण, रीता देवी, निशू गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक चालक हेलमेट पहना था। सूचना पर पहुंची डायल 112 ने एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल भिजवाया। हालांकि, हादसे की सूचना पर पहुंचे परिजन उन्हें एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराए हैं, वहां उनका इलाज चल रहा है।
कसया के मोबाइल दुकानदार रवि जायसवाल ने बताया कि मोबाइल में अक्सर बैटरी फटने जैसी घटनाओं का खतरा बना रहता है। मोबाइल गर्म होने पर अक्सर ब्लास्ट हो जाता है। इससे बचने के लिए मोबाइल को कभी फुल चार्ज नहीं करना चाहिए। मोबाइल की बैट्री बिल्कुल डाउन नहीं होने देनी चाहिए।