नेबुआ नौरंगिया। थाना क्षेत्र के सिरसिया सागर धूस टोला निवासी एक युवक तीन दिन पूर्व घर से दवा लेने गया था, लेकिन वह वापस नहीं लौटा। बृहस्पतिवार को धान के खेत में पानी में उसका शव मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पानी में डूबने से मौत की पुष्टि हुई है, हालांकि घर वाले हत्या की आशंका जता रहे हैं।
सिरसिया सागर धूस टोला निवासी रामेश्वर पांडेय (40) तीन दिन पूर्व घर से दवा लेने के लिए निकला था, लेकिन वापस नहीं आया। परिजन उसकी काफी तलाश किए, लेकिन पता नहीं चला। बृहस्पतिवार को गांव के कुछ लोग खेत के तरफ चारा काटने गए थे। खेत से दुर्गंध आती देख लोग उधर गए तो रामेश्वर का शव खेत के अंदर पानी में पड़ा था। सूचना पर गांव वालों की भीड़ जुट गई। शव सड़ चुका था। इसकी खबर मिलते ही घर वालों में चीख पुकार मच गई। घर वालों ने हत्या की आशंका जताई है।