शुभम की मौत के बाद रोते-बिलखते परिजन। संवाद
हाटा। कोतवाली क्षेत्र के बैतालपुर नहर में बलेसर चौराहा के पास सोमवार को सुबह एक युवक की लाश मिली। उसकी पहचान पुलिस ने कप्तानगंज क्षेत्र के बोदरवार निवासी शुभम मोदनवाल के रूप में की। पुलिस इस मामले में रविवार को गुमशुदगी दर्ज की थी। परिजन युवक की हत्या की आशंका जता रहे हैं।
युवक पैंट पहना था, लेकिन शरीर पर शर्ट नहीं था। घर वालों का आरोप है कि तीन दिन पहले बाइक सवार दो युवक आकर दुकान से शुभम को साथ ले गए, तब से वह घर नहीं लौटा था। इस आधार पर पुलिस बाइक सवार युवकों की पहचान करने में जुट गई है। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के बोदरवार गांव निवासी शुभम मोदनवाल (19) के पिता गांव के मुख्य मार्ग पर मिठाई की दुकान चलाते हैं। तीन दिन पहले शुभम दुकान पर बैठा था। इस दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक शाम को आए और उनके साथ शुभम चला गया। देर रात तक शुभम घर नहीं लौटा तो परिजनों को किसी अनहोनी की चिंता सताने लगी।
उसका मोबाइल पर स्विच ऑफ बता रहा था। रविवार को उसके पिता कप्तानगंज थाने पहुंचे और बेटे की गायब होने की तहरीर दी। शुभम के लापता होने की युवकों ने सोशल मीडिया पर सूचना अपलोड किया था। सोमवार को सुबह जब बलेसर चौराहा के पास बैतालपुर नहर में शुभम का शव मिला तो लोग पहचान गए। कुछ देर बाद पुलिस पहुंच गई।
पुलिस शव की पहचान के लिए युवक के जेब की तलाशी ले रही थी कि परिजन भी पहुंच गए और लापता शुभम की पहचान किया। परिजनों का आरोप है कि शुभम की साजिश के तहत हत्या की गई है। इसके सिर पर खरोच का निशान भी था। शव 24 घंटे पुराना होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस बोदरवार कस्बे में शुभम के दुकान के आस-पास लगे सीसी टीवी कैमरे का फुटेज खंगाल रही है। कोतवाल हाटा राम सहाय चौहान ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पानी में डूबने से मौत की बात सामने आई है।