खड्डा। तीन दिन पहले गंडक नदी में दोस्तों संग नहाते समय लापता हुए युवक का पता नहीं चल सका है। तमाम प्रयास के बाद भी जब सफलता नहीं मिली तो एसडीआरएफ टीम तलाश बंदकर वापस लौट गई।
बृहस्पतिवार को खड्डा कस्बे के रहने वाले अभय गुप्ता भैंसहा घाट पर गंडक नदी में दो दोस्तों के साथ नहाते समय गहरे पानी में जाने से लापता हो गए। स्थानीय गोताखोरों की मदद से उनकी तलाश की गयी, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। विधायक विवेकानंद पांडेय के प्रयास के बाद गोरखपुर से एसडीआरएफ की टीम शुक्रवार की सुबह घटनास्थल पर पहुंची और मोटरबोट से नदी में तलाश की। दिनभर तलाश के बावजूद कोई सफलता नहीं मिली। नदी के बढ़ते पानी में युवक के मिलने संभावना कम होने पर टीम ने तलाश बंद कर वापस लौट गई। अब खड्डा पुलिस अपने क्षेत्र समेत बिहार सीमा के मछुआरों से संपर्क कर युवक की तलाश में जुटी है।