तमकुहीराज(कुशीनगर)। तरयासुजान थाना क्षेत्र के छपरा अहिरौली गांव में मंगलवार सुबह करीब 11 बजे बाइक से आए दो बदमाशों ने घर में घुसकर असलहे के बल पर महिलाओं से 2.80 लाख रुपये के आभूषण लूट लिए फरार हो गए। घटना के समय घर में केवल महिलाएं मौजूद थीं। बाइकसवार दोनों बदमाश साबुन बेचने के नाम पर घर में घुस गए और वारदात को अंजाम दिया। स्थानीय पुलिस घटना से अनभिज्ञता जता रही है। एसपी का कहना है कि दोनों युवक आभूषण साफ करने के बहाने घर में घुसे थे। लूट की कोई घटना नहीं हुई है।
तरयासुजान थाना क्षेत्र के छपरा अहिरौली गांव के निवासी किशुनदेव चौबे उर्फ सरल चौबे के पुत्र वरुण चौबे का कहना है कि उनके घर मंगलवार को सुबह करीब 11 बजे बाइकसवार दो युवक बर्तन आदि साफ करने की सामग्री बेचने पहुंचे। बताया कि वे आईएमसी कंपनी का बर्तन धोने वाला साबुन आदि बेचते हैं। घर में मौजूद महिलाओं ने सामान खरीदने से इन्कार किया। दोनों आरोपी घर के बरामदे तक पहुंच गए और असलहे के बल पर करीब 2.80 लाख रुपये के सोने के आभूषण लेकर एनएच की ओर भाग निकले। इसी दौरान तमकुहीराज थाना क्षेत्र के सरया खुर्द गांव से एक संदिग्ध व्यक्ति को ग्रामीणों ने पकड़ा। पकड़ा गया व्यक्ति इसी गैंग का सदस्य बताया जा रहा है।
पीड़ित परिवार के वरुण चौबे ने बताया कि वह हाईवे स्थित पेट्रोल पंप पर काम करने के लिए चले गए थे। घर मेरी उनकी बहन और पत्नी मौजूद थीं। मंगलवार को आईएमसी कंपनी का बर्तन धोने का सामान बेचने दो युवक बाइक से पहुंचे। महिलाओं ने सामान खरीदने से जब इन्कार किया तो दोनों आरोपी असलहा दिखाकर घर में मौजूद नकदी और गहने मांगने लगे। डरी-सहमी महिलाओं से सोने के करीब दो लाख अस्सी हजार के आभूषण लेकर हाईवे की ओर भाग निकले। तरयासुजान थाने के इंस्पेक्टर आशुतोष सिंह ने इस घटना के बारे में अनभिज्ञता जताई है।
एसपी धवल जायसवाल ने बताया कि दोनों युवक आभूषण साफ करने के बहाने उस घर में पहुंचे थे। महिलाओं के जेवर बदलकर भाग गए। लूट की कोई घटना नहीं हुई है। सीसीटीवी फुटेज देखा गया है। उसमें असलहा के साथ नहीं दिखे हैं।