पडरौना(कुरीनगर)। जिला स्टेडियम में सोमवार को चार दिवसीय ओपन स्टेट आमंत्रण सीनियर वर्ग पुरुष फुटबाल प्रतियोगिता शुरू हुई। पहले दिन छह टीमों के बीच मुकाबला हुआ। मऊ को हराकर मिर्जापुर की टीम ने उद्घाटन मैच जीत लिया। प्रतियोगिता का समापन 20 मार्च होगा, जिसमें विजेता और उपविजेता टीम को पुरस्कृत किया जाएगा। प्रतियाेगिता में 10 टीम शामिल होंगी।
पहला मैच मऊ बनाम मिर्जापुर के बीच खेला गया, जिसमें मिर्जापुर 3-0 गोल कर विजेता रही। दूसरा मैच कुशीनगर बनाम बस्ती के बीच खेला गया, जिसमें दोनों टीमें एक-एक गोल कर टीम बराबर रहीं। तीसरा मैच गाजीपुर बनाम आजमगढ़ के बीच खेला गया। आजमगढ़ की टीम 2-0 के अंतर से विजेता रही। क्रीड़ाधिकारी ने बताया कि मंगलवार को पहला मैच भदोही बनाम बस्ती, दूसरा मैच मऊ बनाम गाजीपुर, तीसरा मैच मिर्जापुर बनाम आजमगढ़ और चौथा मैच गोरखपुर बनाम देवरिया के मध्य खेला जाएगा।
इसके पहले सदर विधायक मनीष कुमार जायसवाल, क्रीड़ाधिकारी रवि कुमार निषाद, जिला फुटबाल संघ के सचिव संजय रावत ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता शुरू कराई। निर्णायक की भूमिका वीएस पांडेय, मनोज तिवारी, हीरालाल निषाद, तुलसी कुमार, मुस्किम अली, मुकेश गुप्ता, इशांत कुमार, अजय यादव, संजय पटेल, धीरज पटेल, अशोक सिंह, संजय रावत ने निभाई।
इस दौरान जिला व्यायाम शिक्षक अनिल मिश्रा, राजेंद्र सिंह राजू, सूरज कुमार, धीरेंद्र प्रताप सिंह, पंकज कुमार यादव, पंकज, दुर्गावती, ममता भारती आदि मौजूद रहीं।