कुशीनगर महोत्सव ने जनपद को अलग पहचान दी : उपेंद्र तिवारी
तुर्कपट्टी सूर्य मंदिर परिसर में सभागार का शिलान्यास व सार्वजनिक शौचालय का लोकार्पण भी किया
संवाद न्यूज एजेंसी
तुर्कपट्टी। कुशीनगर महोत्सव के माध्यम से जिले के उपेक्षित धार्मिक व अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की पहचान बढ़ेगी। ग्रामीण क्षेत्र में बड़े कार्यक्रमों का आयोजन होने से इनकी पहचान विश्व पटल पर स्थापित होगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों से जनपद को एक विशेष पहचान मिल रही है। ये बातें प्रदेश के खेल एवं पंचायती राज मंत्री उपेंद्र तिवारी ने रविवार की रात में तुर्कपट्टी में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहीं।
मंत्री कुशीनगर महोत्सव के उद्घाटन के बाद तुर्कपट्टी महुअवां स्थित गुप्तकालीन सूर्य मंदिर परिसर में विकास कार्यों के शिलान्यास एवं लोकार्पण के अवसर पर आए थे। मंत्री ने कहा कि केंद्र में मोदी सरकार और प्रदेश में योगी सरकार की मंशा है कि सरकार की योजनाएं जन-जन तक पहुंचें। मंत्री उपेंद्र तिवारी ने सूर्य मंदिर के पीछे बने सार्वजनिक सुलभ शौचालय के लोकार्पण के अलावा जिला पंचायत की तरफ से बनाए गए सभागार का शिलान्यास किया। इस दौरान खेल निदेशक आरपी सिंह, कुशीनगर महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष विनय राय, जिला पंचायत अध्यक्ष विनय गौड़, संजय दूबे, धनंजय राय, दिनेश तिवारी, अमित मिश्रा, आदित्य तिवारी, प्रधान के पति आनंदेश्वर शाही, शैलेंद्र कुमार तिवारी, प्रवीण शाही, शैलेंद्र शाही व संतोष गोंड़ आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
स्टेडियम बनाने के लिए खेल मंत्री को सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरवलिया बाजार। कुशीनगर महोत्सव के उद्घाटन कार्यक्रम से लौट रहे प्रदेश के खेल व पंचायती राज मंत्री उपेंद्र तिवारी को ग्राम पंचायत बरवा राजापाकड़ के हाइडिल खेल मैदान के सामने युवकों ने ज्ञापन सौंपकर यहां स्टेडियम बनवाने की मांग की। मंत्री ने इस पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
रविवार की शाम को मंत्री उपेंद्र तिवारी कसया-तमकुही मार्ग से तुर्कपट्टी आ रहे थे। इसकी जानकारी होने पर बरवा राजापाकड़ के खेल मैदान में अभ्यास कर रहे युवाओं ने मंत्री का काफिला रोककर स्वागत किया। इसके बाद ग्राम प्रधान की तरफ से गांव के खेल मैदान में स्टेडियम बनाने के लिए भेजे गए प्रस्ताव की कापी मंत्री को सौंपकर स्टेडियम निर्माण की मांग की। इस दौरान कुशीनगर महोत्सव के आयोजन समिति के अध्यक्ष विनय राय, राजकुमार गिरी, दिनेश तिवारी, संजय दूबे, स्काउट प्रशिक्षक अजय निगम, प्रिंस पांडेय, विशाल यादव, रवि गुप्ता, अमर यादव, अमित पांडेय, ज्ञानसागर कुशवाहा, प्रमोद यादव, बृजेश यादव आदि मौजूद रहे।