नेबुआ नौरंगिया। स्थानीय सीएचसी पर रविवार शाम को चिकित्सक की लापरवाही से एक अधेड़ व्यक्ति की इलाज के अभाव में मृत्यु हो गई। परिजनों ने डाॅक्टरों के खिलाफ नाराजगी जताते हुए हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर शांत कराया। नेबुआ नौरंगिया थाना के गोईती खुर्द निवासी कमलेश पांडेय रविवार दोपहर बाद अपने दरवाजे पर अचानक घबराकर गिर गए। परिजन इलाज के लिए नौरंगिया निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद भी हालत में सुधार नहीं होता देख सीएचसी नेबुआ नौरंगिया ले गए जहां इमरजेंसी कक्ष में कोई चिकित्सक नहीं था। आधे घंटे बाद अपने आवास से बाहर निकले चिकित्सक पहुंचे तो उन्होंने ईसीजी से चेकिंग जांच कराना चाहा तो उन्हें चलाना ही नहीं आ रहा था।
चिकित्सक की लापरवाही की वजह से इलाज के अभाव में रविवार देर शाम मौत हो गई। इस दौरान गुस्साए परिजन हंगामा करने लगे। स्वास्थ्य कर्मचारियों ने डॉयल 112 नंबर और थाने की पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शव को एंबुलेंस से घर उनके भेजवाया। इस संबंध में थानाध्यक्ष दीपक सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।