तमकुहीराज तहसील में पानी टंकी पर चढ़ा व्यक्ति।संवाद
पडरौना। तमकुहीराज तहसील परिसर में निर्माण कार्य रोकवाने की मांग को लेकर खलवा टोला का बृजकिशोर यादव मंगलवार को पानी की टंकी पर चढ़ गया। 18 दिन के भीतर यह दूसरी घटना है, जब न्याय की मांग को लेकर टंकी पर चढ़ा है। सूचना पर पहुंची पुलिस और तहसील प्रशासन के समझाने के बाद देर शाम सात बजे वह नीचे उतरा। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
नगर पंचायत तमकुहीराज के अंबेडकर नगर (खलवा टोला) निवासी बृजकिशोर यादव (50) मंगलवार को दोपहर एक बजे तहसील परिसर स्थित पानी टंकी पर चढ़ गया। वह अपने साथ बोतल में पेट्रोल और माचिस भी लेकर गया था। मौके पर एसडीएम को बुलाने की मांग पर अड़ा रहा। पीड़ित का आरोप है कि जिस जमीन पर वह निर्माण करना चाहता है, वहां प्रशासन उसे रोक रहा है। जबकि विपक्षी पक्ष सुबह से ही दर्जनों लोगों के साथ निर्माण कार्य कर रहा है।
उसने यह भी आरोप लगाया कि सोमवार को उसे थाने में करीब डेढ़ घंटे तक बैठाए रखा गया। बताया जा रहा है कि बृजकिशोर सुबह करीब 10 बजे तहसील पहुंचा था और एसडीएम व तहसीलदार से कार्रवाई की गुहार लगाता रहा, लेकिन सुनवाई न होने से आहत होकर उसने यह कदम उठाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ा रहा।
इससे पहले भी 16 अप्रैल को वह पेट्रोल की बोतल और माचिस लेकर पानी टंकी पर चढ़ गया था। उस समय तहसीलदार के आश्वासन पर वह नीचे उतर आया था।
एसडीएम आकांक्षा मिश्रा का कहना है कि संबंधित जमीन राजस्व अभिलेख में बृजकिशोर के नाम नहीं है। जिस भूमि को लेकर विवाद है, वह अन्य व्यक्ति के नाम दर्ज है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।