रामकोला। रगड़गंज स्थित पेट्रोल पंप पर बीते दिनों नितेश कुशवाहा एवं उनके परिजनों से मारपीट का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। शनिवार को उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य फूलबदन कुशवाहा पीड़ितों के घर पहुंचे और उन्हें न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि पंप जनता की सुविधा के लिए हैं। यदि कोई उपभोक्ता पेट्रोल या डीजल की मांग करता है, तो उसे उपलब्ध कराना पंप संचालक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल लेने पहुंचे युवक के साथ जिस प्रकार मारपीट की गई, वह बेहद गंभीर और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) तथा पुलिस अधीक्षक (एसपी) से वार्ता की गई है। उन्होंने मांग की कि पेट्रोल पंप के लाइसेंस धारक और संचालन में शामिल सभी व्यक्तियों की भूमिका की जांच की जाए। आयोग के सदस्य ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा पेट्रोल पंप के संचालन और व्यवस्थाओं की भी विस्तृत जांच कराने की मांग की।