तुर्कपट्टी। फाजिलनगर ब्लाॅक के ग्रामसभा रुदवलिया के बटलोहिया स्थित खेल मैदान पर विद्यार्थी फुटबॉल स्पोर्टिंग क्लब की तरफ से आयोजित टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में मदनी क्लब मेहा देवरिया ने यंग स्पोर्टिंग क्लब बटलोहिया को 1-0 से पराजित करके कप पर कब्जा जमा लिया। मेजबान टीम कोई गोल नहीं कर सकी।
मंगलवार की दोपहर बाद खेले गए पहले फाइनल मुकाबले में मेहा देवरिया एवं बटलोहिया की टीमों ने जबरदस्त खेल कौशल का परिचय दिया। पहले हाफ के 45 मिनट में दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं थीं। खेल के दूसरे हाफ में भी दोनों टीमों का संघर्ष जारी रहा। खेल के शेष बचे अंतिम तीन मिनट में मिले एक फाउल को मेहा देवरिया के खिलाड़ी सरफराज ने गोल में तब्दील कर कप अपने टीम के नाम कर दिया।
फाइनल के मैन ऑफ द मैच सरफराज अली देवरिया रहे। इसके पूर्व मैच का उद्घाटन समाजसेवी भानू प्रताप सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचल में इस प्रकार की प्रतियोगिता से निश्चित ही युवा वर्ग को फायदा होगा। रेफरी की भूमिका पंकज यादव, रजनीश यादव एवं नीरज कुशवाहा ने निभाई। प्रतियोगिता के आयोजक बिंदु यादव ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार प्रकट किया। इस दौरान भीखम चौहान, सुभाष यादव, रंजीत कुशवाहा, संतराज यादव, अजय चौहान आदि उपस्थित रहे।