एयरपोर्ट तक फोरलेन के निर्माण में सर्किल रेट पर फंसा पेच
कसया। निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट को हाइवे से जोड़ने के लिए फोरलेन के निर्माण में भूमि के सर्किल रेट को लेकर गतिरोध आ गया है। फोरलेन के लिए विशुनपुर विंदवलिया व शाहपुर के किसानों की भूमि अधिग्रहीत की जानी है। विशुनपुर विंदवलिया की जमीन का सर्किल रेट अधिक है जबकि शाहपुर का कम। शाहपुर के किसान विशुनपुर विंदवलिया के बराबर जमीन का मुआवजा मांग रहे हैं। बृहस्पतिवार को एडीएम ने तहसील सभागार में बैठक कर सहमति बनाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बन पाई।
बृहस्पतिवार को दोपहर बाद एडीएम विंध्यवासिनी राय और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट पूर्ण बोहरा ने तहसील सभागार में विशुनपुर विंदवलिया व शाहपुर के किसानों के साथ बैठक की। बैठक में किसानों ने भूमि के निर्धारित रेट पर एतराज जताया। शाहपुर गांव के किसान आजाद यादव, संदेश, खलील, संतोष, शिवप्रकाश गुप्ता, यमुना, रामप्रवेश गुप्ता, गुलाइची, मनोज, सावित्री देवी, राम ईश्वर, इब्राहिम आदि का कहना है कि इतने कम रेट पर वे लोग जमीन देने को तैयार नहीं हैं। ये किसान विशुनपुर विंदवलिया के किसानों के बराबर जमीन का मुआवजा चाहते हैं। एडीएम विंध्यवासिनी राय ने बताया कि किसानों को सर्किल रेट के आधार पर मुआवजा दिया जाना है। इसके लिए बातचीत की जा रही है। जल्दी ही मामले का निस्तारण कर लिया जाएगा।
इस मौके पर अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी हेमराज, उप भूमि अध्याप्ति अधिकारी आनंद कुमार नायक, तहसीलदार दीपक गुप्ता, एई राम सहाय, जेई आरएन राव, वरिष्ठ लिपिक प्रभु यादव, लेखपाल ब्रजेश मणि त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
यह है भूमि अधिग्रहण का रेट
भूमि अधिग्रहण के लिए सभागार में बैठक के दौरान किसानों की ओर से बार-बार भूमि के बदले मिलने वाली रकम की जानकारी मांगी जा रही थी। मामले को जब कई किसानों ने उठाया तो लेखपाल ब्रजेश मणि त्रिपाठी ने विशुनपुर विंदवलिया का नया निर्धारित सर्किल रेट दो करोड़ 10 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर व शाहपुर का सर्किल रेट 58 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर बताया। कुछ किसानों ने कट्ठा में अपनी भूमि की कीमत जाननी चाही तो विशनपुर विंदवलिया के छह लाख 72 हजार रुपये जबकि शाहपुर का एक लाख 85 हजार रुपये बताया गया।
30 मीटर चौड़ी बनेगी सड़क
एयरपोर्ट से कुशीनगर फोरलेन तक 30 मीटर चौड़ी सड़क बनाई जाएगी। इसमें नौ-नौ मीटर चौड़े दो लेन व बीच में पांच मीटर चौड़ा डिवाइडर होगा। दोनों तरफ साढ़े तीन मीटर चौड़ी पटरी बनाई जाएगी। इसके लिए 21.72 करोड़ का बजट जारी हो चुका है। एक किलोमीटर लंबी इस सड़क का कुछ हिस्सा पहले से ही संपर्क मार्ग के तौर पर निर्मित है। नई सड़क के लिए विशुनपुर विंदवलिया के किसानों से 1.456 हेक्टेयर व शाहपुर के किसानों से .093 हेक्टेयर भूमि ली जानी है।