पडरौना। मेडिकल कॉलेज आने वाले मरीजों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब खून की जांच रिपोर्ट के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। मेडिकल कॉलेज के पैथालॉजी विभाग में बंद पड़ी खून जांच की मशीनें जल्द चालू होंगी, जिससे एक ही दिन में जांच रिपोर्ट मिल सकेगी। इसके लिए जांच किट की खरीदारी सीएमओ के माध्यम से कराई जाएगी।
मेडिकल कॉलेज के पैथालॉजी में लंबे समय से जांच किट के अभाव में दो जांच मशीनें बंद पड़ी हैं। इसके कारण मरीजों को निजी लैब का सहारा लेना पड़ रहा है। नहीं तो दिन में एक बजे के बाद जांच के लिए सैंपल देने वाले मरीजों को दूसरे दिन रिपोर्ट के लिए आना पड़ता है। अब इस समस्या के समाधान के लिए सीएमओ कार्यालय की ओर से जांच किट की खरीद कर मेडिकल कॉलेज प्रशासन को उपलब्ध कराई जाएगी।
किट उपलब्ध होते ही पैथालॉजी की सभी जरूरी मशीनें क्रियाशील कर दी जाएंगी। इससे ओपीडी और भर्ती मरीजों की खून से जुड़ी जांचें मेडिकल कॉलेज परिसर में ही हो सकेंगी और रिपोर्ट उसी दिन मिलने लगेगी। मेडिकल कॉलेज प्रशासन का कहना है कि व्यवस्था शुरू होने के बाद मरीजों का समय और पैसा दोनों बचेगा। साथ ही इलाज में भी तेजी आएगी।
मेडिकल कॉलेज करीब एक साल पूर्व एक कंपनी की ओर से पैथॉलोजी में जांच मशीनें लगाई गई थी। इस मशीन से जांच के लिए जिस किट का इस्तेमाल होता है, वह उसी कंपनी की होनी चाहिए। दूसरी कंपनी की जांच किट इस्तेमाल नहीं होती है। जांच किट की कीमत अधिक होने के कारण मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने खरीदारी करने से मना कर दिया था। तभी से यह जांच मशीन बंद पड़ी थी।
शासन ने सीएमओ को कीट की खरीदारी कर मेडिकल कॉलेज को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। सीएमओ डॉ. चंद्रप्रकाश ने बताया कि जांच किट खरीदकर मेडिकल कॉलेज को दी जाएगी। शासन से इसके लिए निर्देश मिला है। इससे मेडिकल कॉलेज में इलाज कराने आने वाले मरीजों को काफी राहत होगी।