पडरौन मडूरही के जिरात मुहल्ले में इंसेफेलाइटिस से एक 13 वर्षीय किशोर की मौत के बाद लोगों की शिकायत पर बृहस्पतिवार को बाजार से मीट और मछली मंडी को हटाया गया। शनिवार को मुहल्ले में कैंप लगाकर टीकाकरण होगा।
जिरात मुहल्ला निवासी सफीउलाह अंसारी के घर के सामने मीट और मछली मंडी लगती है। सफीउल्लाह के 13 वर्षीय पुत्र खालिद की बुधवार को इंसेफेलाइटिस के चलते मौत हो गई थी। बृहस्पतिवार को इस मुहल्ला निवासी राजेश गुप्ता, उमाशंकर दूबे, फैसल खान, सज्जाद, बबलू, बृजेश कुमार, विद्याधर आदि ने दुदही सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी और विशुनपुरा एसओ को प्रार्थना पत्र देकर यहां से मांस की दुकान हटाने की मांग की। इसके बाद एसओ ओपी राय, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ एके पांडेय, प्रधान शिवशंकर कुशवाहा समेत कई लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मांस के दुकानदारों को यहां से अपनी दुकान हटाने का निर्देश दिए। प्रभारी चिकित्साधिकारी एके पांडेय ने बताया कि यहां शनिवार को कैंप लगाकर टीकाकरण और दवा छिड़काव कराया जाएगा।