पडरौना। शनिवार को यूपी बोर्ड परीक्षा की प्रथम पॉली में सेहर सैनिक स्कूल साखोपार के एक कमरे में सात परीक्षार्थी सामूहिक नकल करते पकड़े गए। सामाजिक विषय की इस परीक्षा में सेक्टर मजिस्ट्रेट/जिला समाज कल्याण अधिकारी करीब दो घंटे तक इस विद्यालय में रहे। केंद्र को डिबार करने की संस्तुति की गई है। इस पाली में हाईस्कूल के 11244 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पॉली में इंटर के भौतिक विज्ञान विषय की परीक्षा में तीन परीक्षार्थी अनुचित साधन के प्रयोग में पकड़े गए।
सुबह हाईस्कूल के सामाजिक विषय की परीक्षा थी। जिले के 150 परीक्षा केंद्रों पर 71162 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 59918 ने परीक्षा दी जबकि 11244 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इस परीक्षा के दौरान सेहर सैनिक स्कूल साखोपार के परीक्षा केंद्र का सेक्टर मजिस्ट्रेट समाज कल्याण अधिकारी टीके सिंह ने निरीक्षण किया।
निरीक्षण में एक कमरे में सात परीक्षार्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं पर सभी प्रश्न व उत्तर एक समान लिखा मिलने पर सेक्टर मजिस्ट्रेट ने इसे सामूहिक नकल मानते हुए परीक्षार्थियों को रिस्टीकेट करने एवं केंद्र डिबार करने की संस्तुति की। परीक्षा खत्म होने पर इसकी जानकारी होने पर परीक्षार्थी कॉलेज के गेट पर जमा हो गए। तब तक जानकारी पाकर डीआईओएस उदय प्रकाश मिश्र भी पहुंचे और परीक्षार्थियों को समझा बुझाकर घर भेजा गया। डीआईओएस ने बताया कि यहां के केंद्र व्यवस्थापक को भी बदल दिया गया है।
दूसरी पॉली में इंटर के भौतिक विज्ञान द्वितीय प्रश्न पत्र की परीक्षा थी। इस दौरान नेहरू इंटर कालेज तरयासुजान एक तथा निरंकारी इंटर कालेज कसया दो परीक्षार्थियों को आंतरिक सचल दस्ता ने नकल करते पकड़कर रिस्टीकेट कर दिया।