बनकटा बाजार। चौराखास थाना क्षेत्र के कोइलसवा बुजुर्ग गांव के बाबू टोला निवासी एक महिला ने अपने ही पति के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। महिला का आरोप है कि पति ने उसे धोखे में रखकर दूसरे समुदाय की महिला के साथ शादी की है। मंगलवार को दोनों पक्षों को पुलिस ने थाने में बुलाया और इसको लेकर घंटों देर तक बातचीत चलती रही। वहीं, दूसरी महिला का कहना है कि इस शादी से पहले उन दोनों ने कोर्ट मैरिज की है।
गांव निवासी गोधनी उर्फ मनीषा देवी ने पति पर आरोप लगाते हुए तहरीर में बताया है कि साल 2021 में नगर पंचायत भटनी जिला देवरिया में उसकी शादी अमरेश कुशवाहा के साथ हुई है। शादी के बाद पति उसे छोड़कर दूसरे प्रदेश में रहने लगा। जब भी वह उसके पास जाने को कहती तो वह टाल-मटोल करता था। दोनों का एक 10 माह का बेटा भी है। आरोप है कि पति ने उसे धोखे में रखकर शादी की है। मामला संज्ञान में आने के बाद जब पुलिस ने दूसरे पक्ष को बुलाया तो मंगलवार को अमरेश की दूसरी पत्नी सीमा उर्फ शबनम अपने पति और चार साल के बच्चे को लेकर थाने पहुंच गई। पुलिस को रोते हुए बताया कि उसकी शादी साल 2019 में कोर्ट मैरिज से हुई थी। दोनों से एक चार साल का बेटा भी है। अमरेश ने सीमा उर्फ शबनम से लव मैरिज की है। यह बात सुनने के बाद गोधनी उर्फ मनीषा के परिजन व रिश्तेदार भी हैरत में पड़ गए। घंटों हुई बातचीत के बाद दोनों पत्नियों से माफी मांगते हुए अमरेश ने दोनों को साथ रखने की हामी भरी, लेकिन मनीषा व उसके परिजन इस बात पर तैयार नहीं हुए। इस संबंध में एसओ विद्याधर कुशवाहा ने बताया कि पीड़ित महिला ने तहरीर दी है। दोनों पक्षों को बुलाकर समस्या-बुझाया गया है। अभी भी बातचीत जारी है।
मेरठ--------सेंट जॉन्स स्कूल में हुआ क्रिसमस कार्यक्रम- फोटो : संवाद
मेरठ--------सेंट जॉन्स स्कूल में हुआ क्रिसमस कार्यक्रम- फोटो : संवाद