पडरौना। सहालग शुरू होते ही बाजार इतराने लगा है। हर रोज लाखों का कारोबार तक व्यापारी मालामाल हो रहे हैं। कारोबार में एक बार फिर से उछाल आया है। शादी-विवाह के कारोबार से जुड़े सभी छोटे-बड़े व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में सामान्य दिनों की अपेक्षा रौनक बढ़ गई है।
शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्राें के बाजारों में हर दिन चहल-पहल बढ़ रही है। बाजार में शादी-विवाह के लिए कोई आभूषण की बुकिंग करा रहा है तो कोई उपहार में देने के लिए जेवरात और अन्य गिफ्ट खरीद रहा है।
शादियों के सीजन से गुलजार बाजार में लोग गहने, कपड़े और फर्नीचर सहित अन्य सामान की खरीदारी कर रहे हैं। व्यापारियों ने बताया कि एक अनुमान के अनुसार सहालग शुरू होने के बाद हर दिन शहर में 15 करोड़ रुपये का कारोबार हो रहा है।
लगन के दिनों में ऐसा कोई मुहूर्त नहीं जिस दिन दो-तीन सौ से कम शादियां हों। बैंक्वेट हाल, होटल, टेंट, बैंड बाजा और घोड़ा बग्गी, आतिशबाजी के लिए लोगों ने एडवांस बुकिंग करा रखी है। लग्जरी कार, बस भी खूब बुक किए गए हैं। कुछ बरात पार्टी में इस बार दूल्हे राजा विक्टोरिया और बाहुबली बग्घी पर सवार होकर निकलेंगी। बड़े-बड़े प्रतिष्ठान और छोटे कारोबारी लगन में अधिक से अधिक मुनाफा कमाने के चक्कर में हर जतन किए हुए हैं। कपड़ा, आभूषण, ऑटोमोबाइल कारोबार में जहां तेजी आई है, वहीं शादी-विवाह के चलते बुटीक, श्रृंगार, कुम्हार, धरिकार, हलवाई, बावर्ची से जुड़े कारोबार भी उछाल मार रहे हैं।
बुधवार को नगर का धर्मशाला रोड, मेन बाजार, नौकाटोला, तिलक चौक, सुभाष चौक समेत अन्य सभी बाजार ग्राहकों से गुलजार रहा। यहां आकर्षक सिंदूर दान, कच्चा धागा, सिंदुर, मऊर, सेहरा आदि की बिक्री बढ़ी हुई है। कारोबारी प्रदीप अग्रवाल बताते हैं कि लगन में ही उनका व्यापार चमकता है। ब्याह की वेदी पर प्रयुक्त होने वाले सामग्री की बिक्री बढ़ी है। इस बार राजस्थानी एवं मेवाड़ी सेहरा दो से तीन हजार रुपये तक बेचा जा रहा है। वहीं गुदरीबाजार, मेना बाजार और धर्मशाला रोड किनारे लेडीज श्रृंगार की दुकानों पर भी भीड़ बढ़ी हुई है। बर्तन, मिठाई का भी कारोबार तेज हो गया है। इसके अलावा केसरा टोला, छावनी, मेन बाजार में कपड़े, बर्तन, गिफ्ट, इलेक्ट्राॅनिक उत्पाद की दुकानों में ग्राहकों की भीड़ है।