फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kushinagar News: प्रबंधक की बेटी घूम रही थी दुबई, स्कूल से जारी हाेता रहा वेतन, प्राथमिकी

Sat, 18 Apr 2026 01:35 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कुशीनगर
विज्ञापन
विज्ञापन
पडरौना। मदरसा मुहम्मदिया फैजे रसूल पिपरा कनक बोदा टोला में फर्जीवाड़ा उजागर हुआ है। मदरसे के प्रबंधक ने दुबई घूमने गई शिक्षक बेटी को वेतन दिला दिया। इस मामले में जिला अल्पसंख्यक अधिकारी की तहरीर पर प्रबंधक मुमताज आलम सिद्दीकी और उनकी शिक्षक बेटी तालीमुन निशा पर रविंद्र नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
विज्ञापन


जिला अल्पसंख्यक अधिकारी (डीएमओ) से किसी ने शिकायत की कि प्रबंधक मुमताज आलम सिद्दीकी की बेटी तालीमुन निशा मदरसे में शिक्षक है। वह दुबई घूमने गई है। इसके बावजूद प्रबंधक ने अपने पद का दुरुपयोग कर उसका फरवरी माह का वेतन निकलवा लिया है। डीएमओ 13 अप्रैल को जांच के लिए मदरसे पर पहुंचे। उपस्थिति पंजिका की जांच में पाया गया कि शिक्षिका तालीमुन निशा के नाम के सामने 25 मार्च और 27 से 30 मार्च के बीच आकस्मिक अवकाश दर्ज है। पूछताछ में प्रधानाचार्य व लिपिक ने लिखित रूप से बताया कि यह अवकाश स्वयं प्रबंधक की ओर से दर्ज किया गया ळै। जबकि संबंधित शिक्षिका उस समय दुबई में थी। जांच में सामने आया कि प्रबंधक ने अपनी बेटी को फरवरी और मार्च 2026 का वेतन भुगतान कराने के लिए बिल पर हस्ताक्षर कराए।

पूछताछ में पता चला कि 15 फरवरी को ही शिक्षक तालीमुन निशा दुबई चली गई थी। उधर, मदरसा नियमावली-2016 के तहत आकस्मिक अवकाश स्वीकृत करने का अधिकार प्रधानाचार्य को है, न कि प्रबंधक को। जांच में फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद डीएमओ भरत राम गोड़ ने रविंद्र नगर पुलिस को तहरीर देकर प्रबंधक और इसकी शिक्षक बेटी पर प्राथमिकी दर्ज कराई है।
विज्ञापन


-

फर्जी प्रार्थना पत्रों से दी गई अनुमति



-डीएमओ की जांच में सामने आया कि सात मार्च 2026 का प्रार्थना पत्र दुबई यात्रा के लिए प्रस्तुत दिखाया गया, जबकि उससे 21 दिन पहले ही 14 फरवरी को प्रबंध समिति की ओर से इसकी स्वीकृति दर्शा दी गई। इसके अलावा 16 मार्च का एक और प्रार्थना पत्र भी प्रस्तुत कर अवकाश स्वीकृत करने का दावा किया गया, जिसे अधिकारियों ने कूटरचना माना है। इसमें मदरसे के लिपिक की भूमिका है।



-

डीएमओ ने मदरसा बोर्ड के रजिस्ट्रार को लिखा पत्र

-मदरसा मुहम्मदिया फैजे रसूल पिपरा कनक बोदा टोला में हुए फर्जीवाड़े के मामले में डीएमओ भरत राम गोड़ ने मदरसा बोर्ड लखनऊ के रजिस्ट्रार को पत्र लिखकर पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया है। मदरसा बोर्ड के रजिस्ट्रार की अनुमति मिलने पर प्रबंध समिति भंग हो जाएगी और डीएमओ के हस्ताक्षर से वेतन निकलेगा। कार्रवाई के बाद से प्रबंधक भूमिगत है। सूत्रों ने बताया कि यह पूरा खेल डीएमओ की जानकारी में हुआ है। मामला उच्चाधिकारियों तक पहुंचने पर आनन-फानन में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। तीन दिन से डीएमओ और प्रबंधक के बीच मामले को मैनेज करने का खेल चल रहा था। बात नहीं बनी तो कार्रवाई तक पहुंची।

-

-डीएमओ की तहरीर पर रविंद्र नगर धूस थाने में मदरसे के प्रबंधक और उसकी शिक्षक बेटी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई है। इसकी विवेचना पुलिस कर रही है। विभाग की ओर से की गई जांच में जो कमियां मिली हैं, उसे विवेचना में शामिल किया जाएगा। -डॉ. अजय सिंह, सीओ पडरौना

-

-प्रबंधक की बेटी मदरसे में सहायक अध्यापक पद पर कार्यरत है। वह बिना अवकाश लिए दुबई चली गई। बावजूद इसके प्रबंधक ने अभिलेखों में फर्जीवाड़ा कर उसे दो माह का वेतन दिलाया है। जांच में प्रबंधक और इसकी बेटी दोषी पाई गई हैं। मदरसे का बाबू भी इसमें शामिल हैं। इस आधार पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। प्रबंध समिति को भंग करने और आगे की कार्रवाई के लिए मदरसा बोर्ड लखनऊ के रजिस्ट्रार को पत्र लिखा गया है। -भरत राम गोड़, डीएमओ, कुशीनगर
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें