थाना क्षेत्र के सेमरा चौराहे पर बृहस्पतिवार को दिन के करीब 11 बजे चार पहिया वाहन के धक्के से एक अधेड़ की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक गाड़ी लेकर भाग निकला। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सेमरा हरदो गांव निवासी संजय मद्धेशिया (45) बृहस्पतिवार को बारिश के दौरान ही लगभग 11 बजे अपने घर से सेमरा चौराहे पर जा रहे थे। पडरौना-तमकुही मार्ग पर चौराहे के पास किसी चार पहिया वाहन ने ठोकर मार दिया। सड़क पर गिरे संजय की मौके पर ही मौत हो गई। ठोकर मारने के बाद चालक वाहन लेकर भाग निकला। घटना की जानकारी होने पर रोते-बिलखते परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। सड़क हादसे की सूचना पाकर पहुंचे एसओ कुबेरस्थान अरविंद मिश्र ने शव का पंचनामा बनवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। सड़क हादसे में हुई संजय मद्धेशिया की मौत से परिवार का सहारा ही छिन गया। संजय ही मजदूरी करके बूढ़ी मां समेत पूरे परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। एसओ के अनुसार मृतक की पत्नी निर्मला की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।