पडरौना। दुदही ब्लॉक कार्यालय सभागार में शुक्रवार को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा बैठक हुई। इसमें समूह की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया गया।
सीडीओ वंदिता श्रीवास्तव ने बैठक में स्वयं सहायता समूहों के सशक्तिकरण, महिला आजीविका संवर्धन, बैंक लिंकेज, सामुदायिक निवेश निधि, लखपति दीदी अभियान और विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राष्टीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत संचालित गतिविधियों को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करें। ग्राम सभा की वंचित महिलाओं को समूह से जोड़ें, ताकि उनको आत्मनिर्भर बनाने एवं रोजगार के अवसर बढ़ाए जा सकें। जिला विकास अधिकारी अरुण कुमार पांडेय ने समूह सदस्यों को जीएमडीआईसी की तरफ से मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मयंक त्रिपाठी, दुदही बीडीओ कमलेश राय, जिला मिशन प्रबंधक असीम कुमार मल्ल एवं पंकज कुमार, नारायण महतो, कमलेश ओझा, प्रदीप प्रसाद आदि मौजूद रहे।