पडरौना। कलक्ट्रेट सभागार में बुधवार को पशु चिकित्सा विभाग की तरफ से संचालित योजनाओं की डीएम ने समीक्षा की। उन्होंने भूसा क्रय की स्थिति, निराश्रित बेसहारा गोवंश को संरक्षित करने एवं ग्रीष्म ऋतु में लू प्रकोप से बचाव के लिए अब तक किए गए कारगार उपायों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को लू के प्रकोप से पशुओं को बचाने के लिए पर्याप्त इंतजाम करने का निर्देश दिया।
डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने पशु चिकित्सा विभाग की तरफ से संचालित निराश्रित गोवंश सहभागिता योजना के तहत पशुओं के भरण पोषण, भूसा दान एवं संग्रहण की स्थिति समेत चिकित्सा, बधियाकरण, टीकाकरण, गो संवर्धन योजना, मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री प्रगतिशील पशुपालन योजना से लाभान्वित पशुपालन की जानकारी ली।