गोरखपुर। 70वीं माध्यमिक विद्यालयी तहसील स्तरीय बालिका कबड्डी प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले का आयोजन मंगलवार को महात्मा गांधी इंटर कॉलेज के खेल मैदान में हुआ। इसमें मैना देवी इंटर कॉलेज बिलंदपुर खत्ता और पीएमश्री राजकीय अयोध्या दास गर्ल्स इंटर कॉलेज की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया।
अंडर-19 वर्ग के फाइनल में पीएमश्री अयोध्या दास गर्ल्स इंटर कॉलेज की टीम ने एकतरफा मुकाबले में दयानंद इंटर कॉलेज खोराबार की टीम को 22-4 से शिकस्त दी। शुरुआत से ही अयोध्या दास की टीम ने दबाव बनाए रखा और लगातार अंक जुटाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।
अंडर-17 वर्ग का फाइनल रोमांचक रहा। मैना देवी इंटर कॉलेज बिलंदपुर खत्ता और महात्मा गांधी इंटर कॉलेज की टीम के बीच हुए मुकाबले में दोनों टीमों ने जोरदार खेल का प्रदर्शन किया। अंत में मैना देवी इंटर कॉलेज ने 30-25 से जीत दर्ज कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
अंडर-14 वर्ग में मैना देवी इंटर कॉलेज की टीम के अलावा महानगर के किसी अन्य विद्यालय ने प्रतिभाग नहीं किया। ऐसे में मैना देवी इंटर कॉलेज की टीम को जनपद स्तरीय प्रतियोगिता के लिए सीधे चयनित मान लिया गया। प्रतियोगिता की शुरुआत में एमपीपी आर्य कन्या इंटर कॉलेज की शारीरिक शिक्षिका मंजूलता देवी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। समापन पर शारीरिक शिक्षक विवेकानंद मिश्र ने विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी, प्रमाणपत्र और मेडल प्रदान किए। इस दौरान डॉ. चंदन सिंह, सुशील त्रिपाठी, शक्ति प्रकाश पांडेय, जयप्रकाश यादव, अनुराग यादव, अभिषेक पाल आदि मौजूद रहे।