पडरौना। महाशिवरात्रि का पर्व रविवार को श्रद्धाभाव से मनाया जाएगा। शिवालयों में हर-हर महादेव की गूंज दिन भर सुनाई देगी। शिव की उपासना के लिए प्रमुख मंदिरों में तैयारी चलती रही। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रसिद्ध कुबेरस्थान मंदिर के आसपास रूट डायवर्जन किया गया है।
इस मंदिर के रास्ते पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। क्षेत्र के अन्हारी बारी चौराहा, राजकुमार इंटर कॉलेज के पास अमवा गेट, पिपरा मोड़ तथा तुर्कपट्टी मार्ग पर परसौनी मार्ग पर बैरियर लगाए गए हैं। अन्हारी बारी चौराहा से नहर के रास्ते रूट डायवर्ट करके अमवा होते हुए तुर्कपट्टी कसया मार्ग पर भेजा जाएगा।
मेले में पुलिस के अलावा पीएसी और अग्निशमन विभाग का दस्ता तैनात किया गया है। सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। उधर, पडरौना नगर के शिवाला मंदिर, दरबार स्थित शिवमंदिर, बुढि़या माई मंदिर, भूतनाथ कॉलोनी स्थित शिवमंदिर, छावनी के भन्नूनाथ शिवमंदिर, करहिया धाम, बाबा सिद्धनाथ स्थान, बालखंडी स्थान, पिजावा स्थान आदि जगहों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है। इसलिए यहां मंदिर व्यवस्थापक तैयारियों में जुटे रहे। एसपी केशव कुमार ने बताया कि किसी तरह की गड़बड़ी करने वालों से पुलिस सख्ती से निपटेगी।
धन के देवता का एक मात्र साधनास्थल : पडरौना। श्री शिव शक्ति मंदिर कुबेरनाथ धाम धन के देवता कुबेर का एक मात्र साधनास्थल है। यहां पर कुशीनगर के अलावा यूपी, बिहार और नेपाल के श्रद्धालु पहुंचते हैं। मठाधीश्वर राजकुमार गिरी ने बताया कि भगवान श्री कुबेरनाथ के दर्शन के लिए लोग आते हैं। मान्यता है कि भगवान कुबेर सबकी मनोकामना पूरी करते हैं।