ट्रक की टक्कर से मैजिक के खलासी की मौत
कसया थाना क्षेत्र के अभिनायकपुर गांव के पास हुई दुर्घटना
कसया (कुशीनगर)। राष्ट्रीय राजमार्ग-28 स्थित अभिनायकपुर गांव के पास रविवार दोपहर बाद ट्रक व मैजिक की टक्कर हो गई। इस हादसे में मैजिक चालक व खलासी घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घायलों को सीएचसी भिजवाया, जहां खलासी को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। चालक को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार एक मैजिक कसया से फाजिलनगर की तरफ जा रही थी। मल्लूडीह के पास तेज रफ्तार ट्रक पीछे से टक्कर मारकर चला गया। इस दुर्घटना में कसया थानाक्षेत्र के डिघवा बुजुर्ग गांव निवासी खलासी फिरोज (30) व चालक सरगटिया निवासी कलामुद्दीन (22) गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना पर अस्पताल पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उधर, दुर्घटना के बाद ट्रक लेकर भाग निकला। पुलिस ट्रक व चालक की तलाश में जुटी हुई है।
इस संबंध में एसओ अनिल कुमार उपाध्याय ने बताया कि खलासी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जाएगा।