फाजिलनगर। पावानगर महावीर इंटर काॅलेज फाजिलनगर के राजमालती स्टेडियम में चल रहे 19वें अखिल भारतीय शहीद मेजर अमिय त्रिपाठी क्रिकेट प्रतियोगिता के चौथे दिन ग्रुप बी का पहला क्वार्टर फाइनल मुकाबले हुआ। इसमें मध्य क्रम के बल्लेबाज सत्यम के शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन की बदौलत क्रिकेट एसोसिएशन लखनऊ ने स्पोर्ट्स मंत्रा हरियाणा की टीम को रोमांचक मुकाबले में छह गेंद शेष रहते तीन विकेट से जीत हासिल कर ली।
लखनऊ के ऑलराउंडर सत्यम पांडेय को 82 रन की पारी और गेंदबाजी में तीन विकेट भी झटके। उन्हें ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब परिवहन विभाग के सेवानिवृत विशेष सचिव उत्तर प्रदेश अरविंद पांडेय ने दिया। बेस्ट बॉलर लखनऊ के ही आतिफ साजिद चुने गए। शनिवार को दिल्ली चैलेंजर्स और उत्तराखंड के बीच मुकाबला होगा, इसकी विजेता टीम रविवार को सेमीफाइनल में लखनऊ से भिड़ेगी।
शुक्रवार सुबह दस बजे से शुरू हुए इस प्रतियोगिता में स्पोर्ट्स मंत्रा हरियाणा के कप्तान अर्जुन ने टॉस जीता और बल्लेबाजी का फैसला किया। बतौर मुख्य अतिथि डॉ. रामानुज पांडेय, जिला पंचायत सदस्य राजन शुक्ला, मजीबुल्लाह राही और मनंजय तिवारी ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया।राष्ट्रगान के साथ खेल का शुभारंभ हुआ। पहले बल्लेबाजी करने उतरी हरियाणा की शुरुआत अच्छी नहीं रही। दो ओवर में 31 रन बना चुकी हरियाणा का पहला विकेट कप्तान अर्जुन के रूप में गिरा। वह रोहित द्विवेदी की गेंद पर बोल्ड हो गए। अर्जुन ने महज 10 गेंदों में 25 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। इसके बाद भी हरियाणा के विकेट गिरने का सिलसिला नहीं थमा और 52 के स्कोर पर सुबोध 18 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन लौटे। 100 रन के भीतर हरियाणा ने चार विकेट गंवा दिए। इसके बाद भरत सिंधवानी और अली मालिक ने 73 रन की साझेदारी की। 172 के स्कोर पर अली मलिक 45 रन के निजी स्कोर पर सत्यम पांडेय के शिकार बने।
अगले ही ओवर में अर्धशतक लगाने वाले भरत सिंधवानी भी आतिफ साजिद की गेंद पर बोल्ड हो गए। इसके बाद हरियाणा की टीम बिखर गई और नीचे के चार बल्लेबाज पचास रन भी नहीं जोड़ सके। हरियाणा ने निर्धारित 30 ओवर में सभी विकेट खोकर 237 रन बनाए। लखनऊ के सत्यम पांडेय और आतिफ साजिद को तीन-तीन विकेट तो रोहित द्विवेदी को दो विकेट मिला।
तेज गेंदबाज हसन अख्तर और कप्तान कारण को एक एक विकेट से संतोष करना पड़ा।सम्मानजनक लक्ष्य का पीछा करने उतरी क्रिकेट एसोसिएशन लखनऊ की शुरुआत खराब रही। पहले ही ओवर में मंजुल दुबे की गेंद पर सलामी बल्लेबाज शिवम पांडेय पवेलियन लौट गए। रिजुल पटेल ने एक दो अच्छे शॉट्स खेले और तीसरे ओवर में वह भी मंजुल की गेंद पर विकेटकीपर को कैच दे बैठे। 50 रन के भीतर लखनऊ के चार मुख्य विकेट गिर चुके थे। इसके बाद प्रियांशु पांडेय और अविरल कन्नौजिया के बीच 59 रन की साझेदारी हुई। मजबूत स्थिति में दिख रही लखनऊ को लगातार दो झटके लगे। प्रियांशु और अविरल आठ रन के भीतर पवेलियन लौट गए। हरियाणा का पलड़ा भारी होने लगा। इसके बाद मध्यक्रम बल्लेबाज सत्यम पांडेय ने ऑलराउंडर अभय दुबे के साथ मिलकर पारी को संभाला। सत्यम ने 66 गेंदों में ताबड़तोड़ 82 रन जड़ दिए। इसमें सात छक्के और तीन चौके शामिल रहे। अभय ने भी एक छोर से 30 गेंदों पर 40 की पारी खेली। 232 के स्कोर पर अभय आउट जरूर हुए, लेकिन सत्यम ने अपनी पारी से पासा नहीं पलटने दिया और टीम को जीत दिलाई।
सत्यम पांडेय के गेंदबाजी में तीन विकेट और 82 रन की अविजित पारी की बदौलत उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। हरियाणा की ओर से मंजुल के तीन, जतिन ने दो और अली मलिक ने एक विकेट लिए। कमेंट्री गुड्डू पांडेय, मो. आलम, गुलाम रिजवी, राहुल कुमार के साथ भोजपुरी और हिंदी से आईपीएल और अंतरराष्ट्रीय मैचों में दर्शकों को आनंदित करने वाले सुमित मिश्र ने की। अंपायर यूपीसीए पैनल के सतीश पांडेय और पवन यादव रहे। थर्ड अंपायर अशोक शर्मा, स्कोरिंग बीसीसीआई पैनल के एसपी सिंह और रेफरी की भूमिका में संतोष सिंह रहे। पूरे मैच का लाइव स्ट्रीमिंग सेट स्पोर्ट्स टीवी चैनल और समैट इंडिया यूट्यूब चैनल पर ब्रॉडकास्टर सचिन यादव ने किया। इस दौरान शहीद के बड़े भाई रिटायर आरटीओ अजय त्रिपाठी, कसया विधायक पीएन पाठक, शासकीय अधिवक्ता अभय त्रिपाठी, रामानुज पांडेय, सीओ जोश, आयोजन समिति के उपाध्यक्ष राजन शुक्ला आदि मौजूद रहे।