मेंहदावल में गैस के लिए लगी भीड़। संवाद
संतकबीरनगर/ मेंहदावल। जिले में रसोई गैस की किल्लत खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। आलम यह है कि सिलिंडर की नियमित आपूर्ति के बाद भी लोगों को एजेंसियों से लौटना पड़ रहा है।
मेंहदावल में रोजाना गैस सिलिंडर से भरे वाहन आ रहे हैं, लेकिन उपभोक्ताओं की भीड़ बढ़ती जा रही है। यह गैस एजेंसी के कर्मचारियों के लिए यह परेशानी का सबब बन गया है। मेंहदावल नगर पंचायत में स्थित शिवांशु गैस सर्विस पर लोगों की भीड़ कम नहीं हो रही है। शनिवार को 1346 सिलिंडर का वितरण हुआ। उपभोक्ताओं की भीड़ सुबह पांच से ही पहुंचनी शुरू हो गई थी।
शुक्रवार की अपेक्षा शनिवार को भीड़ थोड़ी कम जरूर थी, लेकिन फिर भी कर्मचारियों को वितरण के दौरान असुविधा झेलनी पड़ी। सुबह करीब सात बजे सिलिंडर लदे वाहन गैस एजेंसी पर पहुंचे। पहले से ही उपभोक्ताओं की भीड़ वहां मौजूद थी। कर्मचारी छोटे वाहनों पर गैस सिलिंडर रखवा कर ग्रामीण क्षेत्रों में वितरण के लिए भेजने लगे तो शोर-शराबा शुरू हो गया।
कर्मचारियों ने भीड़ को समझा बुझाकर वितरण शुरू किया। कर्मियों का कहना है कि लगातार गैस सिलिंडर एजेंसी पर आ रहा है, उसके बाद भी भीड़ कम नहीं हो रही है। शिवांशु गैस सर्विस के मैनेजर रामकेश मिश्रा ने कहा कि गैस सिलिंडर वितरण के दौरान उपभोक्ताओं का सहयोग नहीं मिल रहा है। यदि उपभोक्ता पूर्व की तरह गैस सिलिंडर वितरण में सहयोग करें तो होम डिलीवरी के साथ ही सभी को समय से गैस उपलब्ध हो जाएगा, लेकिन उपभोक्ता सुबह से ही एजेंसी पर आ जाते हैं और सिलिंडर की होड़ में शामिल हो जाते हैं, जिससे दिक्कत होती है।
तिघरा इलाके में भी शुक्रवार को सिलिंडर नहीं पहु़ंचा। शनिवार को पहुंचा तो लोगों की भीड़ लग गई। कर्मियों ने समझा-बुझाकर सिलिंडर वितरित किया।