भवानीगंज। नगरपंचायत क्षेत्र के बरघाट में चल रही सनातन उद्घोष कथा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है कथा के मंच से कथा वाचिका साध्वी सरस्वती ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया।
साध्वी सरस्वती ने कहा कि श्रीकृष्ण की बाल लीलाएं केवल मनोरंजन नहीं बल्कि जीवन को धर्म, प्रेम और करुणा का संदेश देने वाली हैं। उन्होंने माखन चोरी, पूतना वध, कालिया नाग दमन और यशोदा मैया के वात्सल्य प्रसंगों का विस्तार से वर्णन किया। कथा के दौरान जब उन्होंने नटखट कान्हा की लीलाओं का चित्रण किया तो पंडाल तालियों और ‘राधे-राधे’ के जयकारों से गूंज उठा।
उन्होंने बताया कि श्रीकृष्ण ने बचपन से ही अधर्म के नाश और धर्म की स्थापना का कार्य प्रारंभ कर दिया था। उनके प्रत्येक कार्य में लोक कल्याण की भावना निहित थी। साध्वी सरस्वती ने उपस्थित श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि वे श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में उतारें और प्रेम, सेवा तथा सद्भाव का मार्ग अपनाएं। कथा स्थल पर सुसज्जित पंडाल, आकर्षक झांकियां और भजन-कीर्तन ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। आयोजक समिति के सदस्यों ने व्यवस्था संभाली हुई थी। अंत में आरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ तथा श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। चेयरमैन धर्मराज वर्मा और अध्यक्ष प्रमोद यादव ने आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर आचार्य विनोद कृष्ण शास्त्री जी, राजन महराज, रामनेवास यादव, संतोष वर्मा, महेंद्र सोनी, रवि गुप्ता आदि उपस्थित रहे।