खड्डा। नगर पंचायत में कराए गए कार्यों और अध्यक्ष की संपत्ति अचानक बढ़ने के मामले में लोकायुक्त ने डीएम को ब्योरा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। डीएम ने इस मामले में जांच कमेटी गठित कर सूचनाएं देने को कहा है। खड्डा की नगर पंचायत अध्यक्ष पर विकास कार्य में अनियमितता और अचानक उनकी संपत्ति बढ़ने की जांच कराने के लिए टाउनएरिया के एक मनोनीत सदस्य ने लोकायुक्त के वहां वाद दाखिल किया था।
खड्डा नगर पंचायत के मनोनीत सदस्य रामाश्रय गोंड ने खड्डा कस्बे में कराए गए विकास कार्यों में बड़े पैमाने पर धांधली और अध्यक्ष की संपत्ति की जांच की शिकायत परिवाद लोकायुक्त न्यायालय में नौ जुलाई 2015 को दाखिल किया था। इस मामले को संज्ञान में लेते हुए लोकायुक्त ने डीएम कुशीनगर से जांच-पड़ताल कर बिंदुवार रिपोर्ट तलब की है। लोकायुक्त के आदेश पर डीएम ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता की अध्यक्षता में दो सदस्यों की जांच टीम गठित कर एक सप्ताह में रिपोर्ट देने के लिए कहा है। रिपोर्ट लोकायुक्त को सौंपी जानी है। इसके बाद जांच पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता ने नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी से जांच के लिए जरूरी अभिलेख शीघ्र उपलब्ध कराने को पत्र लिखा है। इस संबंध में नगर पंचायत अध्यक्ष शारदा तुलस्यान का कहना है कि पत्र मिला है। जांच के लिए जो भी अभिलेख मांगे जाएंगे, वे उपलब्ध करा दिए जाएंगे।