गंगुआ बाजार। बिहार में 25 मई को होने वाले मतदान के चलते सीमावर्ती यूपी के तीन किमी के दायरे में सभी शराब की दुकानें 48 घंटे पहले से ही बंद हो जाएंगी। प्रशासन की ओर से अनुज्ञापियों को दुकानें बंद रखने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
चौकी इंचार्ज समउर बाजार राहुल कुमार सिंह ने बताया कि 25 मई को सीमावर्ती बिहार के गोपालगंज में मतदान होना है। चुनाव आयोग का निर्देश है कि बॉर्डर क्षेत्रों से तीन किलोमीटर के दायरे में आने वाली सभी शराब की दुकानें मतदान से 48 घंटे पहले ही बंद रहेंगी। इसके बाद तमकुहीराज थाना क्षेत्र के गंगुआ बाजार, समउर बाजार, डिबनी बंजरवा समेत अन्य सभी सीमावर्ती क्षेत्रों में शराब की दुकानें 23 मई की शाम से लेकर 25 मई की शाम तक बंद रखने का निर्देश है। इस संबंध में सीओ तमकुहीराज जितेंद्र सिंह कालरा ने बताया कि बिहार बॉर्डर से तीन किलोमीटर के दायरे में आने वाली सभी शराब की दुकानें चुनाव से 48 घंटे पहले ही बंद करा दी जाएगी। निर्देश नहीं मानने वालों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।