कसया। सिरसिया खुहिया छोटी गांव में रविवार शाम बिजली गिरने से छप्पर में आग लग गई। छप्पर में रखी चौकी, पेटी में रखी साड़ी, कपड़े, नकदी समेत अन्य गृहस्थी का सामान जल गया। संयोग रहा कि घटना के समय परिवार पक्के मकान में चला गया था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
गांव के बाहर बाबूराम सिंह छप्पर पर टिनशेड डालकर परिवार के साथ रहते थे। रविवार को बारिश शुरू होने पर वह सपरिवार गांव में बने मकान में चले गए। इसी दौरान तेज आवाज के साथ बिजली गिरने से छप्पर में आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। काफी प्रयास के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया लेकिन तब तक छप्पर में रखा सामान जलकर नष्ट हो चुका था। कसया तहसीलदार धर्मवीर सिंह ने बताया कि मौके की जांच कराई जाएगी। नियमानुसार पीड़ित परिवार को यथासंभव आर्थिक सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा। संवाद