दुदही। जिले से सटे बिहार प्रांत के भितहा के पीपी तटबंध के पास चंंद्रपुर गांव के सरेह में सोमवार की शाम को गांव वालों ने तेंदुए को देखा। इसकी खबर मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई।
मंगलवार को सुबह टीम के सदस्यों ने बाॅर्डर पर कांबिंग की, लेकिन तेंदुआ नहीं देखा गया। इसको लेकर जिले के सीमावर्ती क्षेत्र के गांव भी दहशत में है और तमकुहीराज रेंज के वन विभाग की टीम भी सतर्क हो गई है।
यूपी के सटे बिहार प्रांत के पश्चिमी चंपारण भितहा थाना पीपी तटबंध के समीप चंद्रपुर गांव के सरेह में तेंदुए की चहलकदमी देख आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि सोमवार की शाम को तेंदुआ दिखाई दिया, इसकी जानकारी वन विभाग को दी गई। गांव वालों की सूचना पर देर रात को वन विभाग की टीम पहुंची थी। गांव वालों को अलर्ट कर वापस लौट गई, मंगलवार को दिन में पहुंची वन विभाग की टीम ने कांबिंग की, लेकिन तेंदुए का पता नहीं चला।
जानकारी होने पर बरवा पट्टी थाना क्षेत्र के पीपरही, नंदपुर, हीरासोती, दशहवा, विशुनपुरा थाना क्षेत्र के नौ गहवा, नरहवा, बैकुंठपुर, नैनहा, बांसगांव, मिश्रौली आदि गांव के लोग दहशत में आ गए।