पडरौना। रिश्वत लेते पकड़े गए लेखपाल को पुलिस अभिरक्षा में बृहस्पतिवार को एंटी करप्शन गोरखपुर कार्यालय भेजा गया, वहां से टीम ने कोर्ट में पेश किया, जहां से आरोपी लेखपाल को जेल भेज दिया गया। गिरफ्तारी के बाद देर रात तक लेखपालों की भीड़ नेबुआ नौरंगिया थाने में जमी रही। इसकी चर्चा दूसरे दिन भी तहसील में रही। पडरौना तहसील के मड़ार विंदवलिया गांव के मलाही पट्टी टोला निवासी आकाश गोड़ के दादा रामराज प्रसाद ने एसडीएम कोर्ट में आबादी की जमीन का मुकदमा दाखिल किया है। एसडीएम कोर्ट ने इस मुकदमे में लेखपाल से मौके की नवैयत की आख्या मांगा था।
लेखपाल विनय कुमार सिंह आख्या रिपोर्ट भेजने के लिए आकाश से दस हजार रुपये की मांग किया। रुपये देने में असमर्थ आकाश ने इसकी शिकायत गोरखपुर एंटी करप्शन कार्यालय में दर्ज कराया। शिकायत के बाद पडरौना पहुंची टीम ने लेखपाल को दस हजार रुपये रिश्वत लेते हुए नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के पकड़ियार बाजार चौराहा गिरफ्तार कर लिया। नेबुआ नौरंगिया थाने पर केस दर्ज कराने के बाद टीम चली गई। सुबह पुलिस अभिरक्षा में आरोपी लेखपाल को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। थानाध्यक्ष दीपक सिंह ने बताया कि आरोपी लेखपाल को एंटी करप्शन कार्यालय गोरखपुर भेजा गया, वहां से कोर्ट में पेश किया गया।