सलेमगढ़। तमकुहीराज तहसील के एक गांव में तैनात लेखपाल पर वरासत के लिए रिश्वत मांगने का आरोप लगा है। हफुआ बलराम के चांद मियां के शिकायती पत्र के आधार पर एसडीएम आंकाक्षा मिश्रा के निर्देश पर नायब तहसीलदार शिवशंकर मिश्रा जांच कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी यह वीडियो वायरल हो रहा है। इसकी पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करती है।
चांद मियां ने शिकायती पत्र में कहा है कि मेरे पिता अलीराजा की मृत्यु चार माह पूर्व हो गई। जब जीवित थे उसी समय मेरे पत्नी के नाम भूमि संबंधी रजिस्टर्ड वसीयतनामा कर दिया। उनके मृत्यु के बाद में वरासत दर्ज कराने के लिए लेखपाल रविकांत कुशवाहा के पास दौड़ने लगा। उन्होंने हमसे 2000 रुपये ले लिया।
दोबारा दस हजार और मांगने लगे। नहीं देने पर विपक्षी के प्रभाव में मौके पर पहुंच कर मेरा कब्जा दखल रोक दिया। कहा कि मामला विवादित है। लेखपाल का कृत्य अपराध की श्रेणी में आता है। उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए। लेखपाल रविकांत से पक्ष जानने पर कहा कि आरोप गलत है। उल्लेखनीय है कि उक्त लेखपाल डेढ़ वर्ष पूर्व रिश्वत के मामले में वीडियो वायरल होने पर एक बार सस्पेंड हो चुके हैं। उसके बाद सलेमगढ़ जैसा बड़ा हलका मिला है। जो चर्चा का विषय है। नायब तहसीलदार शिवशंकर मिश्रा ने कहा कि जांच चल रही है। मामला सही पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।