तमकुहीराज। थाना क्षेत्र के गाजीपुर निवासी एक मजदूर को काम मांगने से नाराज कुछ लोगों ने मारपीट कर उसे घायल कर दिया। पीड़ित पुलिस को तहरीर देकर पांच लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना की जानकारी होने के बाद पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है। तमकुहीराज थाना क्षेत्र के गाजीपुर निवासी कृष्णा आर्य मजदूरी कर परिवार का जीविकोपार्जन करता है। सोमवार की दोपहर वह काम की तलाश में कस्बा के हाईवे स्थित हरिहरपुर के पास पार्किंग स्थल पर कटिंग मैटेरियल स्टॉक कर व्यवसाय कर रही एक निर्माण कंपनी में मजदूरी पर काम मांगने के लिए गया था।
इसी दौरान कंपनी के कर्मचारी ने अभद्र भाषा का प्रयोग कर उन्हें बाहर निकालने लगे। पीड़ित ने विरोध किया तो थाना क्षेत्र निवासी तीन लोगों ने मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। पीड़ित उपचार के बाद मंगलवार को तमकुहीराज पुलिस को तहरीर सौंप कर पांच आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मजदूर से मारपीट से जुडा 23 सेकेंड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करती है। प्रभारी इंस्पेक्टर तमकुहीराज दिनेश साहनी ने बताया मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की सत्यता की भी जांच की जा रही है।