पड़रौना। सरकारी अस्पतालों में तैनात कर्मियों को आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के बारे में प्रशिक्षित किया जा रहा है। जिसके अस्पताल में आने वाले मरीजों को आधुनिक सुविधा का लाभ मिल सके। इसके तहत जिले के कुशीनगर सीएचसी, पीएचसी पर कार्यरत चिकित्सक, एलटी एवं डाटा एंट्री आपरेटर को सीएमओ सभागार में प्रशिक्षित किया गया। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन और चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से पीओ सीटी स्किल डेवलपमेंट सर्विसेज के तहत ओरिएंटेशन एवं स्किल ट्रेनिग की जा रही है। प्रशिक्षिक अनुज सिंह, सुबोध सिंह, शिवजी, उमेश चौरसिया, सुधांशु उपाध्याय एवं विश्वामित्र द्वारा जिले के सीएचसी एवं पीएचसी से आए चिकित्सक, एल टी एवं डीईओ को प्रशिक्षित किया गया।
इस प्रशिक्षण का उद्देश्य यह है कि सरकारी अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज का आभा आधारित पंजीकरण होगा। उनका डिजिटल हेल्थ रिकार्ड तैयार किया जायेगा। सभी मरीजों को पैथालॉजी में होने वाली जांचों का कंप्यूटराइज्ड रिपोर्ट उनके मोबाइल पर व्हाट्सएप एसएमएस के माध्यम से प्राप्त हो जाएगी।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. चंद्र प्रकाश ने बताया कि शासन के मंसा के अनुसार जिले में आधुनिक सुविधा बढ़ाई जा रही है। जल्द ही जांच रिपोर्ट मरीजों के मोबाइल पर मिलना शुरू होगा। प्रशिक्षण में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एसएन त्रिपाठी, डिप्टी सीएमओ डॉ आरडी कुशवाहा द्वारा प्रमाण पत्र वितरण किया गया। इस दौरान डॉ बैजनाथ चौधरी एलटी विजय कृष्ण द्विवेदी, सन्तोष गौड़, दीपक चौहान, रविंद्र सिंह, नसीम अंसारी सहित जनपद के समस्त एलटी एवं डीईओ उपस्थित रहे।