बृहस्पतिवार की शाम करीब सात बजे अचानक आकाश में तेज गड़गड़ाहट के साथ जोरदार धमाके की आवाज से जिले के लोग सन्न रह गए। शहर की अपेक्षा ग्रामीण क्षेत्र में धमाके की आवाज तेज सुनाई दी। अफरा तफरी में तमाम लोग घरों से बाहर निकल गए। पुलिस की गाड़ियां सायरन बजाते इलाके में घूमने लगीं। हालांकि रात नौ बजे तक भी इस घटना के संबंध में कुछ ठोस जानकारी नहीं मिल सकी।
शाम को लोग अपने-अपने कार्य में व्यस्त थे। अचानक ही धमाके की आवाज से चौंक उठे। लोगों को पहले लगा कि आसपास किसी बड़ी गाड़ी का पहिया ब्रस्ट हुआ होगा, लेकिन कुछ ही देर में जब जिले के दूसरे क्षेत्रों से फोन करके लोग इस तरह के धमाके की आवाज सुनने की बात करने लगे तो लोगों की घबराहट बढ़ गई। कहीं बम ब्लास्ट या प्लेन क्रैश होने की संभावनाओं पर चर्चा तेज हो गई। लोग अपने-अपने परिचितों को फोन करके कुशल क्षेम के साथ ही धमाका होने की जानकारी लेने लगे। अपने आवास पर डीएम शम्भु कुमार व एसपी राजू बाबू सिंह ने भी धमाका सुना तो वायरलेस सेट पर मैसेज देकर जानकारी मांगी गई। इसके बाद जिले के सभी 17 थानों की पुलिस के साथ ही डॉयल 100 की गाड़ियां भी वास्तविकता जानने के लिए फिल्ड में घूमने लगीं। तभी इस बात की चर्चा होने लगी कि कसया थाना क्षेत्र के अहिरौली या उसके आसपास के किसी गांव में यह धमाका हुआ है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो पाई। इसके बाद पडरौना शहर के पास धमाका होने की बात कही जाने लगी।
कसया प्रतिनिधि के अनुसार तेज धमाके की आवाज से लोग घरों से बाहर निकल गए। कई लोगों ने जमीन में कंपन होने व खिड़की-दरवाजे तक हिलने की बात कही। चर्चा होने लगी कि हवाई पट्टी पर किसी विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई है। इसके तुरंत बाद सीओ राघवेंद्र चतुर्वेदी और एसओ उमाशंकर यादव फोर्स लेकर हवाई पट्टी पर पहुंचे, परंतु वहां ऐसी कोई स्थिति नहीं थी। करीब दो घंटे तक पुलिस इस मामले की जानकारी में लगी रही।
इस संबंध में डीएम शम्भु कुमार ने बताया कि धमाके की आवाज उन्होंने भी सुनी और इसकी जांच भी कराई गई। घबराने वाली कोई बात नहीं है। कहीं से किसी प्रकार के जनहानि या ऐसी किसी आपदा की सूचना नहीं है। संभव है कि एयरपोर्ट या मौसम विज्ञान का कोई ऑपरेशन हो, हालांकि उन्हें किसी संस्था की तरफ से ऐसी कोई जानकारी नहीं दी गई है। लोग संयत रहें और अफवाहों पर ध्यान न दें।
सोशल मीडिया ने बढ़ाई धड़कन
पडरौना। इस धमाके के तत्काल बाद फेसबुक और ह्वाट्सएप पर जानकारी साझा होने लगी। कोई धमाका तो कोई प्लेन क्रैश होने की बात करने लगा। वहीं कुछ लोग इसे जमीन के अंदर से पेट्रोलियम पदार्थ की जांच का तरीका बताते हुए पोस्ट भेजने लगे। इन सबसे लोगों की चिंता और बढ़ गई थी। हालांकि इस पर डाली जा रही कोई पोस्ट भी किसी आधिकारिक सूत्र से पुष्ट नहीं हो रहा था।