पड़रौना। मेडिकल काॅलेज में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को अब पर्ची के लिए एमसीएच विंग (महिला अस्पताल) का चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। जल्द ही मेडिकल काॅलेज के भवन में ही ओपीडी के लिए पर्ची काटी जाएगी। इसके लिए जरूरी तैयारी की जा रही है।
मेडिकल काॅलेज में इलाज के लिए प्रतिदिन 1500 से 1700 मरीजों की पर्ची काटी जाती है। एमसीएच विंग में जगह कम होने की वजह से मरीजों को पर्ची कटवाने में काफी परेशानी होती है। इसके बाद मरीजों को इलाज के लिए मेडिकल काॅलेज के प्रथम तल में संचालित ओपीडी में जाना पड़ता है। इलाज के बाद दवा व जांच के लिए जिला अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग में जाना पड़ता है।
मेडिकल काॅलेज के प्राचार्य आरके शाही ने मेडिकल कालेज के प्रथम तल पर ही ओपीडी की पर्ची काटने का निर्देश दिया है। उन्होंने बताया कि जल्द ही ओपीडी की पर्ची यहीं से काटी जाएगी, जिससे मरीजों को तीन अस्पतालों के चक्कर से निजात मिलेगी।