पडरौना। ग्राम प्रधानों और सदस्याें के लिए तीसरे चरण का मतदान शनिवार को छिटपुट घटनाओं के बीच संपन्न हो गया। सुकरौली के रामपुर मिश्रौली में दो प्रत्याशियों के समर्थकों में लाठी-डंडे और्र इंट-पत्थर चले।
इस घटना में करीब छह लोग घायल हो गए। मतदान स्थलों पर मोबाइल लेकर पहुंचे 10 एजेंटों को पकड़कर डीएम और एसपी ने पुलिस हिरासत में भेज दिया। सुकरौली बाजार के एक बूथ पर दो प्रत्याशियों के समर्थक आपस में भिड़ गए थे। फर्जी पहचान पत्र के जरिए मतदान का आरोप लगाकर गांव के कुछ लोगों ने हंगामा किया, जबकि लोहझार गांव में लोगों ने पीठासीन अधिकारी पर ही खुद वोट डालने का आरोप लगाकर हंगामा किया।
चारो ब्लॉकों में कुल 68.5 प्रतिशत मतदान हुआ। कसया ब्लॉक के कोल्हुआ बूथ पर मतदान संपन्न होने के बाद दो पक्षों में मारपीट हो गई। शनिवार को सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया।
तीसरे चरण के मतदान में भी वोटरों की अच्छी-खासी तादाद रही। लेकिन तीसरे चरण के मतदान के दौरान भी कई बूथों पर मारपीट हुई। सुकरौली ब्लॉक के रामपुर मिश्री गांव में मतदान स्थल से थोड़ी दूर दो प्रत्याशियों के समर्थक आपस में ही टकरा गए।
उनके बीच लाठी-डंडे और्र इंट-पत्थर चलने से करीब छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने वहां पहुंचकर लोगों को खदेड़ा। हाटा क्षेत्र के परासखांड़ गांव में मतदान के बाद एक प्रत्याशी के समर्थकों ने पथराव कर दिया। मौके पर फोर्स पहुंची और तीन लोगों को हिरासत में ले लिया।
सुकरौली बाजार के एक बूथ पर साढ़े तीन बजे के करीब फर्जी मतदान को लेकर दो प्रत्याशियों के समर्थक भिड़ गए। एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर विवाद शांत कराया। कसया के सबया गांव में शाम चार बजे फर्जी मतदान को लेकर कुछ लोगों ने हंगामा कर दिया। आरोप था कि दीवानी कचहरी के पास स्थित एक दुकान पर फर्जी पहचान पत्र बनवाया गया, जिसका करीब 25 लोगों ने उपयोग किया।
आरोपी दुकानदार बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। सुकरौली के लोहझार में एक बूथ पर पीठासीन अधिकारी पर खुद वोट डालने का आरोप लगाकर कुछ लोगों ने हंगामा कर दिया।
वहां 20 मिनट तक मतदान बाधित रहा। डीएम और एसपी ने सुकरौली एवं हाटा के बूथों का जायजा लेते समय 10 ऐसे एजेंटों को पकड़कर पुलिस हिरासत में भेज दिया, जिनके पास केंद्र के अंदर मोबाइल मिले। शनिवार को कसया ब्लॉक में 70 प्रतिशत, हाटा में 69.5 प्रतिशत, मोतीचक में 68 प्रतिशत और सुकरौली ब्लॉक में 67 प्रतिशत मतदान हुआ। चारो ब्लॉकों में कुल 68.5 प्रतिशत लोगों ने मताधिकार का प्रयोग किया।