कसया। बुद्ध इंटर कॉलेज कुशीनगर के स्टेडियम में आयोजित अंडर-16 केसीए कप क्रिकेट टूर्नामेंट के तहत शुक्रवार को खेले गए पूल-बी के पहले लीग मुकाबले में कुशीनगर क्रिकेट एकेडमी ने गुरुकुल क्रिकेट एकेडमी को 37 रन से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की।
मैच की शुरुआत गुरुकुल क्रिकेट एकेडमी के कप्तान शुभम कुशवाहा और कुशीनगर क्रिकेट एकेडमी के कप्तान विवेकानंद के बीच टॉस के साथ हुई। टॉस जीतकर गुरुकुल के कप्तान ने पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए कुशीनगर क्रिकेट एकेडमी की टीम ने 31.1 ओवर में 180 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुरुकुल क्रिकेट एकेडमी की टीम कुशीनगर के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 27.4 ओवर में 143 रन पर सिमट गई। इस प्रकार कुशीनगर क्रिकेट एकेडमी ने मुकाबला 37 रन से अपने नाम कर लिया। शानदार प्रदर्शन के लिए राम प्रकाश को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
मैच में निर्णायक की भूमिका अनुज शर्मा एवं परवेज अंसारी ने निभाई, जबकि स्कोरर की भूमिका विकास सिंह ने अदा की। इस जीत के साथ कुशीनगर क्रिकेट एकेडमी ने टूर्नामेंट में अपने अभियान की मजबूत शुरुआत की।